पटना मरीन ड्राइव पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को लेकर शक्ति प्रदर्शन, 10 हजार समर्थकों की रैली

पटना, 12 अप्रैल: राजधानी पटना के मरीन ड्राइव पर रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य “स्टैच्यू ऑफ गवर्नेंस” की स्थापना को लेकर हजारों लोगों ने शक्ति प्रदर्शन किया। करीब 10 हजार से अधिक समर्थकों की मौजूदगी ने इस मांग को जन आंदोलन का रूप दे दिया।

Chhatrapati Shivaji Maharaj, Patna Marine Drive, Pranav Prak

Bihar  राजधानी पटना के मरीन ड्राइव पर रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य “स्टैच्यू ऑफ गवर्नेंस” की स्थापना को लेकर हजारों लोगों ने शक्ति प्रदर्शन किया। करीब 10 हजार से अधिक समर्थकों की मौजूदगी ने इस मांग को जन आंदोलन का रूप दे दिया।

  छत्रपति शिवाजी महाराज सामाजिक समरसता अभियान” के तहत आयोजित इस विशाल रैली में बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। रैली के दौरान “जय भवानी, जय शिवाजी” के नारों से पूरा मरीन ड्राइव इलाका गूंज उठा।

कार्यक्रम से पहले बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा स्नान कर संकल्प लिया और इसके बाद निर्धारित स्थल पर जलाभिषेक और माल्यार्पण किया। इस दौरान लोगों ने शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपनाने और उनकी विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता प्रणव प्रकाश ने कहा कि पिछले कई वर्षों से मरीन ड्राइव पर शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा लगाने के लिए जमीन आवंटन की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते साल भी इसी स्थान पर हजारों लोग इस मांग के समर्थन में जुटे थे।

प्रणव प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि शिवाजी महाराज का गवर्नेंस मॉडल, ग्राम स्वराज और वंचित वर्गों को सशक्त करने की सोच आज भी बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भरता की दिशा में शिवाजी की विचारधारा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही जमीन आवंटन को लेकर निर्णय लेगी। साथ ही यह भी बताया कि “स्टैच्यू ऑफ गवर्नेंस” अभियान को गांव-गांव तक चलाया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस पहल से जोड़ा जा सके। इस रैली के जरिए आयोजकों ने साफ संदेश दिया कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना की मांग अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुकी है और इसे लेकर लोगों में व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है।