मसौढ़ी में 14 वर्षीय किशोर का अपहरण: 5 लाख की रंगदारी न देने पर जलती सिगरेट से दागा, छाती पर लिखा '3'

पटना के कर्पूरी चौक से 14 वर्षीय किशोर राहुल राज का कार से अपहरण कर 4 घंटे बंधक बनाया गया। पिता द्वारा जमीन बिक्री के पैसों से 5 लाख की रंगदारी मांगी गई। न देने पर जलती सिगरेट से शरीर और छाती पर '3' का निशान दागा। पीड़ित का पटना में इलाज जारी

Masaurhi Extortion Case
मसौढ़ी में 14 वर्षीय किशोर का अपहरण 4 घंटे बंधक बनाया - फोटो : news 4 nation

पटना जिले के मसौढ़ी नगर स्थित कर्पूरी चौक से 15 अगस्त की सुबह काले शीशे वाली कार से 14 वर्षीय किशोर राहुल राज का अपहरण कर लिया गया। अपहर्ताओं ने गमछे से उसका मुंह बांध दिया और सुनसान जगह ले जाकर करीब चार घंटे तक बंधक बनाए रखा। पीड़ित मसौढ़ी के केशोचक निवासी उपेंद्र कुमार का पुत्र है।


जमीन की रकम से 5 लाख रुपये की मांग 

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उससे कहा कि उसके पिता ने हाल ही में जमीन बेची है, इसलिए उन्हें 5 लाख रुपये की रंगदारी चाहिए। जब किशोर ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद जलती सिगरेट से उसके शरीर के कई हिस्सों को दागा गया और छाती पर सिगरेट से '3' का निशान बना दिया।


शोर मचने पर किशोर को छोड़कर भागे बदमाश 

मारपीट के दौरान किशोर के चेहरे से गमछा खुल गया और उसके चिल्लाने पर आसपास के लोग जुटने लगे। पकड़े जाने के डर से बदमाश पीड़ित को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। किशोर ने बिंदा यादव, सोनू यादव और सुमित नाम के युवकों पर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।


पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, आरोपियों की तलाश जारी 

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल किशोर को लेकर मसौढ़ी थाना पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया। थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।