Patna Cash Seizure: चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता,बाइक सवार से ₹25 लाख कैश बरामद, आयकर विभाग को दी गई सूचना
पटना में चेकिंग के दौरान जक्कनपुर थाना पुलिस ने मीठापुर इलाके में चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार के बैग से ₹25 लाख नकद बरामद किए।पैसों के वैध कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने नकदी जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया है।मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी गई
पटना: राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक बाइक सवार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 25 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की गई। इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सघन चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक, जक्कनपुर थाना पुलिस टीम इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान मीठापुर इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार घबराने लगा तब संदेह गहराने पर पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर हिरासत में ले लिया और उसकी तलाशी शुरू की।
बैग की तलाशी में मिले नोटों के बंडल, नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज
जब पुलिस ने बाइक सवार के बैग और वाहन की गहन जांच की, तो उसमें से 25 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान जब पुलिस अधिकारियों ने इतनी भारी रकम के स्रोत (Source) और पैसों से संबंधित कागजात मांगे, तो आरोपी कोई भी संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी रकम को तुरंत जब्त कर लिया और उसे थाना लाया गया। पुछताछ में उसने अपना नाम देव किशन बताया और पैसा मुजफ्फरपुर से पटना लाने के बात कुबूल की है।
आयकर विभाग (Income Tax) को सूचना, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बरामद नकदी को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता और भारी रकम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आयकर विभाग (Income Tax Department) को भी इसकी सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह पैसा किसका है, कहां ले जाया जा रहा था और क्या इसका इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि में होना था?