मोकामा पुलिस का 'महा-ऑपरेशन': कंटेनर से 80 लाख का गांजा जब्त, पुलिसकर्मी का बेटा ही निकला तस्कर

पटना के मोकामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर से 80 लाख रुपये मूल्य का 400 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिसकर्मी के बेटे सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

मोकामा पुलिस का 'महा-ऑपरेशन': कंटेनर से 80 लाख का गांजा जब्त

Patna - पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मोकामा थाना प्रभारी कुणाल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दूसरे राज्य से एक ट्रक कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में गांजे की खेप बख्तियारपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन मोड़ के पास जाल बिछाया।

ट्रक कंटेनर से 80 लाख का गांजा बरामद

जैसे ही संदिग्ध ट्रक कंटेनर फोरलेन मोड़ के पास पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे रुकवाकर सघन तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक के भीतर छुपाकर रखा गया लगभग 400 किलो गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया है और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को थाने ले आई है।

पुलिसकर्मी का बेटा भी तस्करी में शामिल

इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक सलीमपुर थाने में तैनात बंगाली प्रसाद का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या तस्कर अपने रसूख का इस्तेमाल कर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने पिछले महीने 22 तारीख को भी इसी रूट से गांजे की तस्करी की थी।

अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का खुलासा होने की उम्मीद


पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। अपराधियों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से गांजा लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस धंधे के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके। मोकामा पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

पटना में होगी विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस

इस बड़ी बरामदगी को लेकर पटना में एक औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरी कार्रवाई और गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास का विस्तृत विवरण साझा करेंगे। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खेप को बिहार के किस इलाके में खपाने की तैयारी थी और इसमें और कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल हैं।

Report - Ravi shankar