पटना एम्स कर्मी के घर चोरों का तांडव, लाखों के जेवर और नगदी लेकर रफूचक्कर, दहशत में ग्रामीण!

पटना के नौबतपुर थाना अंतर्गत रुस्तमगंज में चोरों ने एम्स हॉस्पिटल अटेंडेंट दीपू साव के घर से लाखों की चोरी की। FSL टीम ने की जांच, ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती पर उठाए सवाल।

पटना एम्स कर्मी के घर चोरों का तांडव, लाखों के जेवर और नगदी

Patna - : राजधानी पटना के ग्रामीण इलाकों में बेलगाम हुए चोरों ने पुलिसिया गश्ती की पोल खोल दी है। ताजा मामला नौबतपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमगंज गांव का है, जहाँ पटना एम्स (AIIMS) में कार्यरत एक हॉस्पिटल अटेंडेंट के घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के कीमती जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश और पुलिस के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

ड्यूटी पर थे पति, घर में घुस गए बेखौफ चोर

पीड़ित दीपू साव, जो पटना एम्स में हॉस्पिटल अटेंडेंट के पद पर तैनात हैं, घटना की रात अपनी नाइट ड्यूटी पर अस्पताल में थे। घर पर उनकी पत्नी अकेली सो रही थीं। शनिवार की देर रात करीब 2 बजे, अज्ञात चोरों ने उनके सूनेपन का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया। चोरों ने इतनी सफाई से हाथ साफ किया कि जब तक आहट पाकर महिला की नींद खुली, तब तक शातिर अपराधी वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो चुके थे।

गोदरेज और ड्रेसिंग टेबल के तोड़े ताले, गहने गायब

चोरों ने घर के भीतर कोहराम मचाते हुए गोदरेज, बक्सा और ड्रेसिंग टेबल के ताले कटर से काट दिए। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने के कीमती झुमके, बाली, नथिया और अन्य पुश्तैनी आभूषण गायब थे। गहनों के साथ-साथ चोरों ने वहां रखे लगभग 50 हजार रुपये नगद भी समेट लिए। महिला के शोर मचाने पर जब तक ग्रामीण इकट्ठा हुए, अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे।

FSL की टीम पहुंची रुस्तमगंज, फिंगरप्रिंट्स की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने तत्काल एक्शन लिया है। रविवार को मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने घर के कोनों और टूटे हुए तालों से उंगलियों के निशान (Fingerprints) और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का मानना है कि इस घटना में किसी स्थानीय गिरोह का हाथ हो सकता है जिसने पहले से घर की रेकी की थी।

ग्रामीणों में उबाल: 'सिर्फ कागजों पर हो रही पुलिस गश्ती'

इस बड़ी चोरी के बाद रुस्तमगंज समेत आसपास के गांवों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की रात में गश्ती न के बराबर है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने मांग की है कि रात के समय पुलिस पिकेट और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। फिलहाल, पीड़ित दीपू साव ने थाने में लिखित आवेदन दे दिया है और पुलिस जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।

रिपोर्ट - सुमित कुमार