पीरबहोर में पुलिस टीम पर हमले का आरोपी मिथिलेश कुमार गिरफ्तार, दारोगा का फटा था सिर, छापेमारी जारी

पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया गांव में पुलिस टीम पर हमला कर आरोपितों को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मंजय कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पढ़ें मामले से जुड़ी पूरी रिपोर्ट।

Patna pirbahor attack on police team accused arrested
पीरबहोर में पुलिस टीम पर हमले का आरोपी मिथिलेश कुमार गिरफ्तार- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया गांव में पुलिस टीम पर हमला कर आरोपितों को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपित गांधी चौक-पीरबहोर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। इस मामले में इससे पहले मंजय कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


17 सितंबर की घटना की पृष्ठभूमि

जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि अलग-अलग मामलों के आरोपित नगीना यादव और मंजय कुमार नया गांव स्थित एक घर में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नगीना यादव और मंजय कुमार को हिरासत में लिया, लेकिन इसी दौरान आरोपितों के परिजनों व अन्य लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। हमले के बीच दोनों आरोपितों को छुड़ाकर मौके से फरार होने की बात सामने आई है।


सरकारी हथियार छीनने का प्रयास और दारोगा घायल

आरोप है कि हमले के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की। पथराव और मारपीट में अवर निरीक्षक दिवाकर कुमार का सिर फट गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले।


नामजद प्राथमिकी और फरार आरोपियों की तलाश

इस घटना को लेकर 17 सितंबर को पीरबहोर थाने में अशोक यादव, मंजय यादव, अजय यादव, मिथिलेश कुमार समेत अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मिथिलेश कुमार की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा है कि अन्य फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट