Patna Crime: पटना में 20-30 के चक्कर में निकल गए तमंचे! खुलेआम चली गोलियां, इलाके में दहशत

Patna Crime: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के बाकरगंज इलेक्ट्रॉनिक्स गली में मोबाइल मरम्मत विवाद के बाद छात्रों और दुकानदार पक्ष के बीच फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गयाा। घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए। पुलिस जांच जारी।

Patna Crime
गोलियों की गूंज से दहला पटना!- फोटो : social media

Patna Crime: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित बाकरगंज इलेक्ट्रॉनिक्स गली में गुरुवार देर शाम मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मोबाइल मरम्मत को लेकर बीएन कॉलेज छात्रावास के छात्रों और दुकानदार पक्ष के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी भानू प्रताप सिंह भी हालात का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे।

दो खोखे बरामद, एफएसएल टीम बुलाई गई

सिटी एसपी ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद मोबाइल धारक और दुकानदार के बीच शुरू हुआ था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के लोग जुटने लगे और मामला बढ़ गया।पुलिस पूछताछ में यह भी संकेत मिला है कि दुकानदार पक्ष की ओर से फायरिंग की गई थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम रूप से जिम्मेदारों की पुष्टि की जाएगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है। विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है और दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

20-30 रुपये के विवाद से बढ़ा मामला

पुलिस के अनुसार, बीएन कॉलेज छात्रावास का एक छात्र अपने दो-तीन साथियों के साथ मोबाइल मरम्मत कराने दुकान पर पहुंचा था। मोबाइल की मरम्मत के दौरान कोई विवाद नहीं हुआ, लेकिन जब भुगतान की बात आई तो दुकानदार ने तय रकम के अलावा 20 या 30 रुपये अतिरिक्त मांगे। इसी अतिरिक्त रकम को लेकर छात्रों ने आपत्ति जताई। मामूली बहस ने धीरे-धीरे उग्र रूप ले लिया और धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने लोगों को फोन कर बुला लिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।कुछ ही देर में दोनों गुट आमने-सामने हो गए और इसी दौरान हवा में दो राउंड फायरिंग की गई। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान

सिटी एसपी ने एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की है। पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वालों और अन्य आरोपितों की पहचान की जा सके।देर रात तक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। दुकानदार की पहचान कर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग किसने की और इसमें कितने लोग शामिल थे, इसकी पूरी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।