Patna Crime News: ताला बंद घर में छिपा था 25 हजार का इनामी मुर्शिद, सेना के जवानों से की थी करोड़ों की ठगी
पटना के कोतवाली थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और पटना के मोस्ट वांटेड भूमाफिया मुर्शिद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ताला बंद घर में छिपा हुआ था।सुदामा सिंह के साथ मिलकर सेना के कार्यरत और रिटायर्ड जवानों से की थी करोड़ों की ठगी
पटना पुलिस की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और पटना जिले के मोस्ट वांटेड भूमाफिया मुर्शिद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से सीवान जिले का रहने वाला है। कोतवाली थाने में उसके खिलाफ आपराधिक मामलों के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं और वह काफी समय से फरार चल रहा था।
घर में ताला बंद कर छिपा था आरोपी
मुर्शिद अहमद की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली थाना पुलिस ने बेहद सूझबूझ से कार्रवाई की। पुलिस जब मिली सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने पर पहुंची, तो घर के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला। इसके बावजूद पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए बंद ताले को खुलवाया और अंदर छिपे मुर्शिद अहमद को दबोच लिया।
सेना के जवानों से करोड़ों की धोखाधड़ी
जांच में सामने आया है कि मुर्शिद अहमद ने पूर्व में गिरफ्तार हो चुके 25 हजार के इनामी पूर्व सैनिक सुदामा सिंह के साथ मिलकर ठगी का नेटवर्क फैला रखा था। इन दोनों ने मिलकर सेना में कार्यरत और सेवानिवृत्त 25 से अधिक जवानों को जमीन दिलाने का झांसा दिया और उनसे जमीन खरीदने के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए।
40 कट्ठा जमीन के नाम पर ढाई करोड़ की ठगी
पुलिस पूछताछ के अनुसार, यह पूरा मामला लगभग 40 कट्ठे के प्लॉट से जुड़ा हुआ है। इस जमीन को बेचने का झांसा देकर आरोपियों ने निर्दोष लोगों से करीब ढाई करोड़ रुपये वसूले थे। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट