बिहार में 'उड़ता पंजाब' जैसा नेटवर्क: पटना में 95 लाख की नशीली दवाएं जब्त, 2 गिरफ्तार

बिहार के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले 'सूखे नशे' के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बिहार नारकोटिक्स, औषधि विभाग और स्थानीय पुलिस नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं।

Patna Drug Network Bust
पटना में 95 लाख की नशीली दवाएं जब्त, 2 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

बिहार के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले 'सूखे नशे' के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद से ही ये कारोबारी अवैध दवाओं और नशीले पदार्थों के जरिए अपना पैर पसारने की फिराक में रहते हैं। इस खतरे को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बिहार नारकोटिक्स, औषधि विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मिलकर इन तस्करों और ड्रग माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं।


गुप्त सूचना पर पटना में पहली बड़ी कार्रवाई

इसी अभियान के तहत ताजा मामला राजधानी पटना के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अवैध दवाओं के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) के सहयोग से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2000 एम्पुल नशीले इंजेक्शन बरामद किए और मौके से अवैध नशे के कारोबार में लिप्त मुख्य अभियुक्त मोहम्मद अब्दुल्ला को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।


गोदाम पर छापेमारी और भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद

पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद अब्दुल्ला से कड़ाई से पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने पटना के राम कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित एक गुप्त गोदाम पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दूसरी बड़ी कार्रवाई में गोदाम से 31,500 एम्पुल नशीले इंजेक्शन, 100 मिलीलीटर की 3,600 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही, वहां से एक अन्य अभियुक्त ऋषि कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।


95 लाख की खेप जब्त, मुख्य सरगना की तलाश जारी

पुलिस और औषधि विभाग की इस साझा कार्रवाई में अब तक दो शातिर अपराधियों को दबोचा जा चुका है। दोनों ठिकानों से बरामद की गई नशीली दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹95,00,000 (पंचानवे लाख रुपये) आंका गया है। एसपी परिचय कुमार के अनुसार, पटना पूर्वी क्षेत्र से अब तक करोड़ों रुपये के नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित सिरप जब्त किए जा चुके हैं। इस पूरे रैकेट के पीछे 'रवि' नाम के मुख्य सरगना (किंगपिन) का नाम सामने आया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: अनिल, पटना