पटना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 21 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्करों समेत तीन गिरफ्तार, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

पटना में नशा माफियाओं के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने एक बड़ा संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 21 लाख रुपये की हेरोइन बरामद की है। इस छापेमारी में पुलिस ने पाटलिपुत्र स्टेशन के पास से दो महिला तस्करों समेत तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

पटना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 21 लाख की हेरोइन के साथ महिला त

Patna -  राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए पटना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पटना पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम, एसटीएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने पाटलिपुत्र स्टेशन रोड के पास घेराबंदी कर इस अवैध कारोबार में संलिप्त एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को रंगे हाथ दबोच लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड के किनारे नशीले पदार्थों की बड़ी खेप खपाने की तैयारी चल रही है। त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की, जहाँ से 102.89 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 58 हजार रुपये (लगभग 21 लाख) आंकी जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजापाकड़ निवासी वीर कुमार, मेहदीगंज की सावित्री देवी और वैशाली की चंचल देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह दूसरे राज्यों से मादक पदार्थों की तस्करी कर पटना के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद पुलिस ने इनके पास से बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया है।

पटना पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के नेटवर्क और तस्करी के तरीकों के बारे में कई अहम सुराग मिले हैं। फिलहाल पुलिस इन तस्करों के 'बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज' को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थों की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसके मुख्य खरीदार कौन थे।

राजधानी और दानापुर के आसपास के इलाकों में नशे के बढ़ते कारोबार को देखते हुए पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा माफियाओं और तस्करी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार तस्करों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट