पटना पुलिस का एक्शन:नशीली सूइयों की अवैध बिक्री करने वाले सिंडिकेट को किया ध्वस्त,पिस्टल संग 6 चढ़े हत्थे

सुल्तानगंज थाना पुलिस ने ई-रिक्शा से नशीली सूई (Drug Injections) बेचने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में 6 अपराधी, एक देशी पिस्टल, 32 मोबाइल फोन और भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।

Patna Police seizure of drugs injections and pistol
लोडेड पिस्टल और भारी मात्रा में ड्रग्स इंजेक्शन के साथ शातिर अपराधी दबोचे गए- फोटो : Reporter

राजधानी पटना में नशे के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है इसी क्रम में सुलतानगंज थाना क्षेत्र में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 08 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि इलाके में एक ई-रिक्शा के माध्यम से नशीली सूइयों की अवैध बिक्री की जा रही है। मामले की गंभीरता और युवाओं में बढ़ते नशे के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया। इस सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए त्वरित आधार पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया ताकि आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके।


विशेष छापेमारी और छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी

गठित विशेष टीम ने सुव्यवस्थित तरीके से जाल बिछाकर छापेमारी शुरू की। सबसे पहले पुलिस ने उस ई-रिक्शा को चिह्नित किया जिससे नशीली दवाएं सप्लाई की जा रही थीं और मौके से 02 अभियुक्तों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों से जब कड़ी पूछताछ की गई, तो उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी और गिरोह के 04 अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार, पुलिस ने नशीली दवाओं के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कुल 06 शातिर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।


भारी मात्रा में हथियार, ड्रग्स और नकदी बरामद

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में हथियारों और नशीले पदार्थों का भारी जखीरा बरामद हुआ है। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 01 लोडेड देशी पिस्टल और 04 जिंदा कारतूस मिले हैं। नशीली दवाओं के रूप में 340 पीस एविल (Avil) इंजेक्शन और 117 पीस बुप्रोनोर्फिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, अपराध में प्रयुक्त 01 ई-रिक्शा, 19 स्मार्ट फोन, 13 कीपैड मोबाइल और 29,420 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मोबाइल फोनों की इतनी बड़ी संख्या इस ओर इशारा करती है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर नेटवर्क संचालित कर रहा था।

अपराधिक इतिहास और कानूनी कार्रवाई

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए छह अभियुक्तों में से एक का पहले से ही अपराधिक इतिहास रहा है, जो क्षेत्र में पहले भी कई अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया था। हथियारों और नशीले इंजेक्शनों की यह बरामदगी क्षेत्र में किसी बड़ी अनहोनी या अपराध की साजिश को भी विफल करती है। फिलहाल, सुलतानगंज थाना पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार