ऑपरेशन मुस्कान के तहत पटना पुलिस ने लौटाए 39 चोरी हुए मोबाइल, फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे

ऑपरेशन मुस्कान के तहत पटना पुलिस ने लौटाए 39 चोरी हुए मोबाइल
फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत पटना पुलिस ने एक बार फिर आम जनता का भरोसा जीतने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र से बरामद किए गए 39 मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपा गया। मोबाइल पाकर धारकों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।


10 लाख रुपये बताई जा रही बरामद मोबाइलों की कीमत 

पटना नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) सुश्री दीक्षा ने जानकारी देते हुए बताया कि बरामद किए गए ये 39 मोबाइल फोन वर्ष 2025 से मार्च 2026 के बीच चोरी या गुम हुए थे। तकनीकी सर्विलांस और पुलिस की सक्रियता से इन हैंडसेट्स को विभिन्न स्थानों से ट्रैक किया गया। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।


अब तक हजारों लोगों को मिला है लाभ 

'ऑपरेशन मुस्कान' राजधानी में मोबाइल धारकों के लिए एक मिसाल बनकर उभरा है। पटना सेंट्रल एसपी के अनुसार, अब तक कई चरणों में करोड़ों रुपये मूल्य के चोरी और स्नेचिंग किए गए मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल संपत्ति की बरामदगी है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास स्थापित करना भी है।


पुलिस ने झपटमारों से बचने के लिए दी सलाह 

मोबाइल वितरण के दौरान सिटी एसपी ने आम जनता से विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि सड़कों पर या भीड़भाड़ वाले रास्तों पर चलते समय मोबाइल का इस्तेमाल बहुत सावधानी से करें। उन्होंने आगाह किया कि झपटमार और शातिर बदमाश हमेशा ताक में रहते हैं और आपकी जरा सी लापरवाही का फायदा उठाकर मोबाइल छीनकर फरार हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों को जागरूक रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।


सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार 

अंत में पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, लेकिन नागरिकों की जागरूकता इसमें अहम भूमिका निभाती है। मोबाइल धारकों ने सामूहिक रूप से पटना पुलिस को 'थैंक यू' कहा और इस पहल को बेहद प्रभावी बताया। फिलहाल, पुलिस की तकनीकी टीम अन्य गुम हुए मोबाइलों को ट्रैक करने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि आने वाले दिनों में और भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।


अनिल की रिपोर्ट