पटना पुलिस की स्ट्राइक: बंगाल और यूपी से जुड़ा था शराब तस्करी का तार,पुलिस ने नेटवर्क को किया ध्वस्त
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक बड़े अंतरराज्यीय शराब तस्करी सिंडिकेट का खुलासा हुआ है । जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से मंगवाई जा रही थी ।
पटना के खाजेकलां थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है । पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 'घसियारी गली' में विदेशी शराब की एक बड़ी खेप उतारी गई है । इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी की और मौके से लगभग 480 लीटर विदेशी शराब बरामद की । इस कार्रवाई ने इलाके में सक्रिय शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा दिया है।
अंतरराज्यीय शराब सिंडिकेट का पर्दाफाश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक बड़े अंतरराज्यीय शराब तस्करी सिंडिकेट का खुलासा हुआ है । जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से मंगवाई जा रही थी । तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए माल ढोने के लिए ट्रेनों का सहारा लेते थे और पटना सिटी के विभिन्न छोटे-बड़े स्टेशनों पर मौका पाकर शराब की पेटियां उतार देते थे ।
संगठित होम डिलीवरी नेटवर्क और गिरफ्तारी
यह गिरोह केवल तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसने पटना में शराब की 'होम डिलीवरी' के लिए एक संगठित नेटवर्क तैयार कर रखा था । पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से एक अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से नकद रुपये और मोबाइल फोन बरामद हुआ है । गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान इस धंधे को संचालित करने वाले एक बड़े शराब माफिया का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है ।
अवैध शराब के खिलाफ निरंतर पुलिसिया अभियान
बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, राज्य में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है । खाजेकलां थाना की यह कार्रवाई इसी कड़ी का हिस्सा है, जिसके तहत पुलिस न केवल शराब जब्त कर रही है, बल्कि उनके सप्लाई चेन और तकनीकी माध्यमों पर भी नजर रख रही है । पुलिस का लक्ष्य इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करना है ताकि शहर में अवैध शराब की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
रिपोर्ट - रजनीश कुमार