Patna Protest : पटना में सड़क पर छात्र-किसान-मजदूरों का हुजूम, जेपी गोलंबर-डाकबंगला पर कड़ी बैरिकेडिंग
Patna Protest : राजधानी पटना में सोमवार को छात्र-युवाओं से लेकर किसान, खेतिहर मजदूर, श्रमिक और महिलाएं अलग-अलग मांगों को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं।...
Patna Protest : राजधानी पटना में सोमवार को छात्र-युवाओं से लेकर किसान, खेतिहर मजदूर, श्रमिक और महिलाएं अलग-अलग मांगों को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं। गांधी मैदान से विभिन्न जन संगठनों की ओर से आक्रोश मार्च और राजभवन मार्च का आयोजन किया गया है। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने जेपी गोलंबर से लेकर डाकबंगला चौराहे तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जेपी गोलंबर पर सड़क के एक हिस्से को बंद कर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग की गई है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और वाटर कैनन भी तैयार रखा गया है। प्रदर्शनकारियों के प्रस्तावित रूट में गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, डाकबंगला, तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर और बिहार म्यूजियम होते हुए लोक भवन की ओर मार्च शामिल है।
वाम दलों और विभिन्न जन संगठनों की ओर से आयोजित मार्च में बिहार में बाढ़-सूखा की समस्या के स्थायी समाधान और इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग प्रमुख है। इसके साथ महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, कृषि संकट और ग्रामीण मजदूरों के रोजगार जैसे मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। संगठनों की ओर से भूमि अधिग्रहण और बुलडोजर कार्रवाई से जुड़े सवाल भी आंदोलन के एजेंडे में शामिल किए गए हैं।
इधर, बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के छात्र भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन में शामिल हैं। छात्रों की प्रमुख मांग विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति और शैक्षणिक सत्र को नियमित करना है। BUHS से जुड़े छात्रों की परीक्षा और परिणाम में देरी का मुद्दा पहले भी सामने आया है।
छात्रों की ओर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च का भी आह्वान किया गया है।आंदोलन के एजेंडे में महिला हिंसा, अपराध, कानून-व्यवस्था, मजदूर अधिकार, योजना एवं संविदा कर्मियों के नियमितीकरण तथा शिक्षा से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट