दिल्ली में 'प्लंबर' और पटना में 'करोड़पति' चोर! रेल पुलिस की बिछाई जाल में फंसा अंतरराज्यीय गिरोह, , बैग खुला तो उड़ गए सबके होश!

पटना जंक्शन पर रेल पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 10 लाख के जेवरात के साथ तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली में 'प्लंबर' और पटना में 'करोड़पति' चोर! रेल पुलिस की

Patna - : राजधानी पटना के पटना जंक्शन पर रेल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। यह गिरोह दिल्ली और बिहार के बीच सक्रिय था और ट्रेनों के साथ-साथ घरों को भी अपना निशाना बनाता था।

प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर भागने की कोशिश में धराए अपराधी


रेल मुख्यालय डीएसपी भास्कर रंजन के निर्देशन में पटना जंक्शन पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा और आरपीएफ के सत्येंद्र कुमार की टीम को देख कुछ संदिग्ध युवक भागने लगे। पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीन अपराधियों— मो. अरमान, अमन कुमार और विवेक कुमार उर्फ नेपाली को दबोच लिया। जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से भारी मात्रा में चोरी के जेवरात बरामद हुए।

दिल्ली में 'प्लंबर' बनकर करते थे रेकी और चोरी

पूछताछ के दौरान अपराधियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली के सागरपुर इलाके में प्लंबर का काम करने के बहाने घरों की रेकी करते थे और फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके अलावा, यह गिरोह दिल्ली से आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में सवार यात्रियों के कीमती सामान और गहनों पर भी हाथ साफ करता था। गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली के एक घर से जेवरात चोरी कर पटना जंक्शन पहुंचे थे, जहां वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

रेल पुलिस खंगाल रही है गिरोह का नेटवर्क

रेल डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि बरामद आभूषणों की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के तार और किन राज्यों से जुड़े हैं और चोरी के जेवरात खपाने में इनके मददगार कौन हैं।

सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त

पटना जंक्शन पर हुई इस बड़ी बरामदगी के बाद रेल पुलिस और आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत रेल पुलिस को दें।

पटना से अनिल की रिपोर्ट