Patna Crime: राजीवनगर में जमीन विवाद को लेकर पहले हुई थी गोलीबारी अब दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी और पत्थरबाजी; युवक के पेट में लगा चाकू

पटना के राजीव नगर रोड नंबर 18 स्थित इस विवादित प्लॉट को लेकर पहले भी कई बार तनाव और खूनी विवाद हो चुका है।पूर्व में भी इसी जमीन पर कब्जे को लेकर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था।आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की लगाईं थी गुहार

Rajiv Nagar road number 18 plot 4A stabbing
राजीवनगर जमीन विवाद मामला,पहले हुई थी गोलीबारी,अब चाकूबाजी - फोटो : Reporter

पटना (राजीवनगर): राजधानी पटना के राजीवनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 18 स्थित 4A प्लॉट पर शुक्रवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट, ईंट-पत्थरबाजी तथा चाकूबाजी शुरू हो गई। दिनदहाड़े हुए इस खूनी संघर्ष और पथराव की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।


चाकूबाजी में युवक गंभीर रूप से घायल, दूसरे पक्ष के भी कई लोग जख्मी

इस हिंसक झड़प के दौरान रणधीर कुमार नामक एक युवक के पेट में चाकू लग गया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस मारपीट और पथराव की घटना में दूसरे पक्ष के भी कई लोगों के घायल होने की सूचना मिल रही है।


इसी प्लॉट को लेकर पहले भी हो चुकी है गोलीबारी की वारदात

 स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोड नंबर 18 स्थित इस विवादित प्लॉट को लेकर पहले भी कई बार तनाव और खूनी विवाद हो चुका है। इससे पूर्व में भी इसी जमीन पर कब्जे को लेकर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। उस पुराने मामले को लेकर मखदुमपुर, दीघा निवासी ठिकाश कुमार ने राजीवनगर थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी।


बिना अनुमति पाइलिंग और पिस्टल से फायरिंग करने का लगा था गंभीर आरोप

पूर्व में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया था कि जयशंकर सिंह, विक्की सिंह उर्फ इंद्रजीत और अभिषेक शाही उर्फ सुभाष सिंह अपने अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर जमीन पर पहुंचे थे और बिना अनुमति के पाइलिंग का काम करा रहे थे। जब इसका विरोध किया गया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप था कि विक्की सिंह ने पिस्टल निकालकर जानलेवा फायरिंग की थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी होने का दावा किया गया था।


मौके पर पहुंची पुलिस, इलाके में तनाव के बीच जांच तेज

शुक्रवार को हुई ताजा चाकूबाजी और पथराव की सूचना मिलते ही राजीवनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ-साथ दोनों पक्षों के घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट