पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई:मसौढ़ी के नदौल में छापेमारी, लुटी गई बाइक संग रोनी गैंग के 5 शातिर लुटेरे गिरफ्तार

पटना के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में 12 जून को हुई लूटपाट का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। फतुहा-2 के SDPO संजीव कुमार के नेतृत्व में 5 अपराधी गिरफ्तार, देसी कट्टा, 10 मोबाइल और लूटी गई बाइक बरामद।

Patna shahjahanpur loot case solved five arrested
Shahjahanpur Patna Crime: 12 जून की रात हुई सनसनीखेज लूटकांड का उद्भेदन- फोटो : Reporter

पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में 12 जून की रात हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। हथियार के बल पर राहगीर से मोटरसाइकिल, टैब और मोबाइल लूटने वाले पांच शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार को शाहजहांपुर थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फतुहा-2 के एसडीपीओ (SDPO) संजीव कुमार ने मामले का विस्तृत विवरण देते हुए इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि की।


हथियार का भय दिखाकर राहगीर से की थी लूटपाट

घटना के संबंध में एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि 12 जून की रात नालंदा जिले के नगरनौसा निवासी नीरज कुमार अपने निजी काम से जा रहे थे। इसी दौरान शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन रोका और हथियार का भय दिखाकर उनकी मोटरसाइकिल, एक टैब, बायोमैट्रिक चार्जर और मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर शाहजहांपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 309 (4) के तहत कांड संख्या 68/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।

विशेष टीम की छापेमारी, मसौढ़ी से पकड़ा गया पहला आरोपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीपीओ के निर्देशन में शाहजहांपुर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों (Technical Surveillance) और गुप्त सूचनाओं के आधार पर मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नदौल गांव में छापेमारी की। पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी कौशल कुमार उर्फ रोनी को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

मुख्य आरोपी की निशानदेही पर चार अन्य साथी भी गिरफ्तार

कौशल कुमार उर्फ रोनी से कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस को घटना में शामिल उसके अन्य सहयोगियों का सुराग मिला। रोनी की दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके चार अन्य साथियों—गोलू कुमार, रंजय कुमार, राजा कुमार और रोशन कुमार को उनके संबंधित ठिकानों से धर-दबोचा। इस तरह पुलिस ने वारदात में शामिल सभी पांचों अपराधियों को कस्टडी में ले लिया।


भारी मात्रा में हथियार, बाइक और नकदी बरामद, भेजे गए जेल

पुलिस की इस कार्रवाई में अपराधियों के पास से लूट का सामान और अवैध हथियार बरामद हुआ है। बरामदगी में 1 देसी कट्टा, 10 मोबाइल फोन, 1 टैब, 2 बाइक (अपाचे और पल्सर) सहित 38,500 रुपये नकद शामिल हैं। राजा कुमार के पास से मिले अवैध हथियार के लिए मसौढ़ी थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसआई बमबम कुमार, एसआई अभिनव त्रिपाठी, एएसआई गिरीश गोस्वामी और विशेष आसूचना इकाई (SIU) के जवान शामिल थे। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार