पटना में सूखे नशे के कारोबार पर पुलिस का स्ट्राइक: मीरा चौक से 3 तस्कर अरेस्ट,19 ग्राम नशीला पदार्थ और बाइक जब्त

पटना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सिगोड़ी बाजार क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिगोड़ी पुलिस ने देर रात वाहन चेकिंग अभियान के दौरान तीन स्मैक तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

 Patna smack smugglers arrest
पटना में सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई 3 स्मैक तस्कर रंगे हाथों गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

पटना पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के सिगोड़ी बाजार स्थित मीरा चौक पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 3 स्मैक तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से 19 ग्राम स्मैक की पुड़िया, तीन मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की गई है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी जा रही है।


गुप्त सूचना पर सिगोड़ी पुलिस ने बिछाया जाल

सिगोड़ी थानाध्यक्ष राजू कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि सिगोड़ी बाजार इलाके में अवैध रूप से सूखे नशे (स्मैक) का धंधा चल रहा है। इस इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मीरा चौक पर तत्काल घेराबंदी की और सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया, ताकि तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।


पुलिस को देखकर भाग रहे तस्करों को खदेड़कर दबोचा

चेकिंग के दौरान जब बाइक सवार तीनों संदिग्ध युवकों की नजर पुलिस बल पर पड़ी, तो वे घबराकर तेजी से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, चौक पर मुस्तैद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर तीनों को धर दबोचा। इसके बाद जब पुलिस टीम ने तीनों की गहन तलाशी ली, तो उनके पास से छिपाकर रखी गई स्मैक की पुड़िया बरामद हुई।


जहानाबाद के रहने वाले हैं तीनों गिरफ्तार आरोपी

पुलिस की पूछताछ और जांच में गिरफ्तार युवकों की पहचान जहानाबाद जिले के निवासी राहुल कुमार, रवि कुमार और राजेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि वे यह स्मैक कहां से लाए थे और पटना में किसे सप्लाई करने जा रहे थे।

ऋषिकेश की रिपोर्ट