पटना SSP का बड़ा एक्शन, 79 OP प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, पढ़िए लिस्ट

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपराध पर प्रभावी लगाम लगाने के उद्देश्य से 79 ओपी प्रभारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों का तबादला किया है।....

Patna SSP Transfers 79 OP Incharges Tightens Crime Control
पटना में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों का तबादला- फोटो : reporter

Patna Police: पटना जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपराध पर प्रभावी लगाम लगाने के उद्देश्य से 79 ओपी (आउट पोस्ट) प्रभारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों का तबादला किया है। पटना जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने, अपराधियों की निगरानी बढ़ाने और पुलिस की मौजूदगी को मजबूत करने के लिए नए सिरे से पुलिस पिकेट और ओपी को सक्रिय किया गया है।



पुलिस विभाग का मानना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई केवल घटना के बाद नहीं, बल्कि घटना से पहले रोकथाम की रणनीति के तहत होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से गठित ओपी के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की लगातार निगरानी की जाएगी।

आदेश के अनुसार, इन ओपी का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, आसूचना संकलन, पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और संभावित घटनाओं को पहले ही रोकना होगा। पुलिस उन अपराधियों और संदिग्ध तत्वों की पहचान करेगी, जो इलाके की शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं या किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

पटना पुलिस ने हाल के दिनों में जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई हत्या, लूट, डकैती, छिनतई और अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं का अध्ययन किया है। जांच में यह बात सामने आई कि कई अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद ऐसे रास्तों और इलाकों का इस्तेमाल करते हैं, जहां से वे आसानी से फरार हो सकें।इसी चुनौती को देखते हुए पुलिस अब शहरी, ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी, मुस्तैदी और सतर्कता बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने और अपराधियों तक तेजी से पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नए आदेश के तहत सभी नवगठित ओपी में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक, प्रशासन, पटना को निर्देश दिया गया है कि सभी नए ओपी में पुलिस केंद्र, पटना से 10-10 सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें।

इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को पटना पुलिस की अपराध विरोधी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि नई तैनाती व्यवस्था से अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।

रिपोर्ट-रंजन कुमार सिंह