Patna drug trafficking: पटना में ड्रग्स तस्करी का बड़ा खुलासा, 2.26 किलो हेरोइन और 2.82 किलो स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

Patna drug trafficking: पटना के खगौल थाना क्षेत्र के मुस्ताफापुर में 2.26 किलो हेरोइन और 2.82 किलो स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार। पुलिस अब ड्रग्स तस्करी गिरोह के सरगना बिट्टू पासवान की तलाश कर रही है।

Patna drug trafficking
पटना में ड्रग्स तस्करी का खुलासा!- फोटो : social media

Patna drug trafficking: पटना में ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मुस्तफापुर से पुलिस ने 2.26 किलोग्राम हेरोइन और 2.82 किलोग्राम स्मैक के साथ आरोपी कल्लू पासवान को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके बेटेबिट्टू पासवान की तलाश में जुटी हुई है, जिसे इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है।पुलिस जांच में सामने आया है कि ड्रग्स तस्करी के इस नेटवर्क में करीब 12 लोग शामिल हैं। यह गिरोह अलग-अलग राज्यों से ट्रेन के जरिए पटना में ड्रग्स मंगाता था।

कई राज्यों से ट्रेन के जरिए आती थी ड्रग्स

जांच के अनुसार असम और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों से ड्रग्स ट्रेन के जरिए पटना लाई जाती थी। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में इसकी सप्लाई की जाती थी।कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि कुछ महीने पहले पटना में ड्रग्स तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में लगी थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने ठिकाने पर छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई।

संपत्ति भी होगी जब्त

एसएसपी के अनुसार तस्करी से कमाई गई संपत्ति को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जांच में सामने आया है कि कल्लू पासवान पहले केबल ऑपरेटर का काम करता था, लेकिन पिछले तीन वर्षों से ड्रग्स तस्करी के धंधे में शामिल था और गिरोह चला रहा था। पुलिस को उसके घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें आठ बैंक खातों की जानकारी, करीब 15 कट्ठा जमीन के कागजात और एक बैंक खाते में लगभग 20 लाख रुपये जमा होने के सबूत शामिल हैं।

छोटे स्टेशन पर उतरते थे तस्कर

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य सिलीगुड़ी से हेरोइन और ब्राउन शुगर लेकर ट्रेन से पटना पहुंचते थे। हर खेप पहुंचाने पर उन्हें एक से डेढ़ लाख रुपये दिए जाते थे। पुलिस के अनुसार कई बार गिरफ्तारी से बचने के लिए तस्कर बड़े स्टेशन की बजाय छोटे स्टेशन या रेलवे आउटर पर उतर जाते थे। इसके बाद ड्रग्स की सप्लाई पटना सिटी, रामकृष्णा नगर और दानापुर जैसे इलाकों में की जाती थी।जांच में यह भी पता चला है कि कल्लू और बिट्टू के गिरोह का नेटवर्क दूसरे जिलों से भी जुड़ा हुआ है। ड्रग्स पहुंचाने के लिए गिरोह ने 10 से 12 युवकों को इस काम में लगा रखा था।