Patna Traffic SP Sagar Kumar Inspection: इस्कॉन मंदिर बुद्ध मार्ग पर औचक निरीक्षण, नो-पार्किंग पर सख्ती

पटना के बुद्ध मार्ग पर लगातार लग रहे जाम को देखते हुए ट्रैफिक SP सागर कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।ड्यूटी से नदारद पाए गए 2 गृहरक्षकों से जवाब तलब किया गया है।नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को क्रेन से उठाने और जुर्माना लगाने ...

Patna Traffic SP Sagar Kumar inspection
पटना इस्कॉन मंदिर के पास जाम पर ट्रैफिक SP बड़ा एक्शन- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर के आसपास लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। वाहनों के चालान काटने और नो-पार्किंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद जाम की स्थिति बनी रहने के कारण, ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।


ड्यूटी से नदारद मिले दो गृहरक्षक, अधिकारियों ने मांगा स्पष्टीकरण

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी ने मंदिर परिसर और उसके आसपास तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की। इस दौरान दो गृहरक्षक अपनी ड्यूटी से गायब पाए गए, जिसे अधिकारियों ने काफी गंभीरता से लिया। ट्रैफिक एसपी ने दोनों अनुपस्थित गृहरक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ सख्त विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्ती, क्रेन से हटाने के निर्देश

मौके पर पहुंचे ट्रैफिक एसपी ने नो-पार्किंग जोन में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों को तुरंत क्रेन की मदद से हटाया जाए और वाहन चालकों से जुर्माना वसूला जाए ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो।


पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और जाम न लगने देने की सख्त हिदायत

इस्कॉन मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी आवाजाही को ध्यान में रखते हुए, ट्रैफिक एसपी ने तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन पार्क करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि इलाके में किसी भी हाल में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट