PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में बढ़ी सरगर्मी, बीएन कॉलेज में मारपीट, वीमेंस कॉलेज के पास भी बवाल, आज होगा प्रेसिडेंशियल डिबेट

PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। चुनाव प्रचार को लेकर छात्र आपस में ही भिड़ गए हैं। बीएन कॉलेज और पटना वीमेंस कॉलेज में मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है।

PUSU Election 2026
चुनाव प्रचार के दौरान भारी बवाल - फोटो : social media

PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव की तपिश अब चरम पर पहुंच गई है। चुनावी माहौल के बीच हिंसा और झड़प की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। बुधवार को बीएन कॉलेज में प्रचार से इनकार करने पर स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र रामप्रकाश कुमार के साथ मारपीट की घटना हुई। वहीं पटना वीमेंस कॉलेंज के पास भी एक ही गुट के छात्रों के बीच झड़प की सूचना है।

प्रचार से इनकार पर पिटाई का आरोप

घायल छात्र रामप्रकाश कुमार पूर्वी चंपारण का निवासी है और सत्र 2024-28 का छात्र है। पीड़ित ने पीरबहोर पुलिस स्टेशन में चार नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। छात्र का आरोप है कि बुधवार को कॉलेज परिसर में मौजूद रहने के दौरान कुछ छात्र उसके पास पहुंचे और छात्रसंघ चुनाव में महासचिव पद के एक प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने का दबाव बनाया। 

हॉकी और रॉड से पिटाई 

इनकार करने पर आरोपितों ने रॉड और हॉकी स्टिक से उसकी पिटाई कर दी। अन्य छात्रों के जुटने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। प्राचार्य डॉ. राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि मारपीट करने वाले छात्र बाहरी प्रतीत होते हैं। उन्होंने परिसर को अतिसंवेदनशील बताते हुए चुनाव के दौरान किसी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। पीरबहोर थानाध्यक्ष सज्जाद गद्दी ने बताया कि छात्र के आवेदन पर चार नामजद आरोपितों सहित अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

वीमेंस कॉलेज के पास भी छात्रों में भिड़ंत

बुधवार को चुनावी प्रचार के दौरान वीमेंस कॉलेज के समीप एक ही गुट के छात्रों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पार्टी से टिकट नहीं मिलने से नाराज समर्थकों ने दूसरे गुट से बहस शुरू कर दी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही छात्र वहां से हट गए।

गुरुवार को प्रेसिडेंशियल डिबेट

छात्रसंघ चुनाव के तहत गुरुवार को प्रेसिडेंशियल डिबेट का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पटना साइंस कॉलेज में दोपहर एक बजे होगा। इसके साथ ही चुनाव प्रचार भी समाप्त हो जाएगा। पटना विवि के मीडिया प्रभारी बिरेंद्र पासवान ने बताया कि डिबेट में सेंट्रल पैनल के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। इस पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी प्रत्याशियों को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। छात्रसंघ चुनाव समिति के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार के अनुसार, डिबेट में प्रत्येक प्रत्याशी को अपनी बात रखने के लिए पांच मिनट का समय दिया जाएगा। 28 फरवरी को होने वाले मतदान में शामिल सभी विद्यार्थियों को पूरे दिन की हाजिरी देने की घोषणा भी की गई है।