Patna weather: पटना का अचानक बदला मौसम, ओलावृष्टि और तेज बारिश से हड़कंप, कई घरों के शीशे टूटे, लोगों को घरों में रहने की सलाह, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Bihar weather:पटना का मौसम अचानक बदल गया है। चंद लम्हों में ही आसमान पर काले बादलों का कब्ज़ा हुआ और फिर शुरू हो गई झमाझम बारिश के साथ ओलों की मार।
Bihar weather:पटना का मौसम अचानक बदल गया है। चंद लम्हों में ही आसमान पर काले बादलों का कब्ज़ा हुआ और फिर शुरू हो गई झमाझम बारिश के साथ ओलों की मार। राजधानी के कई इलाकों में बड़े-बड़े ओले गिरने से घरों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए, जिससे लोगों में खौफ और बेचैनी का माहौल बन गया।
पिछले पांच दिनों से बिहार के मौसम का मिज़ाज लगातार बदला हुआ है, लेकिन आज का नजारा सबसे ज्यादा हैरान करने वाला रहा। मौसम सेवा केंद्र ने हालात को देखते हुए पटना, वैशाली, सारण, नालंदा, बेगूसराय और समस्तीपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के मुताबिक वज्रपात (ठनका), तेज हवाओं और मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह घरों से बाहर न निकलें और एहतियात बरतें। खासतौर पर खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि ठनका गिरने का खतरा बना हुआ है।
https://youtu.be/HcMnY_vPiWk?si=P771NaX5YVptEGVL
सुबह से ही पटना और आसपास के इलाकों में आसमान पर घने बादल छाए हुए थे। कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन फिर मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ ओलों की बौछार शुरू हो गई। इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड तक फैले सिस्टम की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले चार दिनों तक पटना समेत कई जिलों में मौसम का यही मिज़ाज बना रहेगा कभी बादल, कभी बारिश और कभी तेज हवाएं।
अगले 24 घंटों में भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। खासकर उत्तर बिहार के 18 जिलों में गरज, वज्रपात और आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी है।फिलहाल, मौसम का यह रुख जहां राहत दे रहा है, वहीं खतरे की घंटी भी बजा रहा है ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बड़ी हिफाज़त है।