PHED मंत्री संजय सिंह ने चढ़ाया 151 किलो लड्डू, पदभार ग्रहण करते ही जल संसाधन पर संतोष सुमन का बड़ा ऐलान
Bihar News : डॉ. संतोष सुमन ने शनिवार को बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि पहले भी यह विभाग उनके पास था और अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में वे नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे। डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विभाग को विकास और उन्नति की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने विभागीय योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने और आम लोगों तक उसका लाभ पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
वहीं, PHED मंत्री संजय सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद पटना के हनुमान मंदिर में 151 किलो लड्डू चढ़ाकर पूजा-अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद लिया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के सवाल पर कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने भी मामले को गंभीरता से लिया है और वह स्वयं मुख्यमंत्री से इस विषय पर चर्चा करेंगे।
संजय सिंह ने कहा कि बिहार के हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नल-जल योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जल्द ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी, ताकि योजना का लाभ लोगों तक सही तरीके से पहुंचे।
बता दें कि बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 7 मई को हुआ था। नई सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 34 मंत्री शामिल हैं और सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी किया जा चुका है।