Bihar MLC Election: विधान परिषद चुनाव में PK का बड़ा दांव! 8 सीटों पर जन सुराज उतारेगा उम्मीदवार, इन नामों पर मुहर की तैयारी
Bihar MLC Election: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। ...
Bihar MLC Election: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट जीतने के बाद जन सुराज पार्टी और उसके संस्थापक प्रशांत किशोर का मनोबल बढ़ा हुआ है। अब पार्टी ने विधान परिषद की 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हो चुके हैं, जबकि बाकी सीटों को लेकर मंथन जारी है। बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर खुद अलग-अलग विधान परिषद क्षेत्रों का दौरा कर संभावित उम्मीदवारों का जायजा ले रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पांच क्षेत्रों का दौरा पूरा हो चुका है, जबकि तीन क्षेत्रों का दौरा अभी बाकी है। सभी आठ क्षेत्रों का दौरा पूरा होने के बाद प्रत्याशियों के नामों का औपचारिक ऐलान किए जाने की संभावना है।
डॉ. दिव्या ज्योति की एंट्री से बढ़ी चर्चा
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच डॉक्टर दिव्या ज्योति जन सुराज में शामिल हुई हैं। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि दिव्या ज्योति ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उन्हें चुनाव लड़ने का कोई आश्वासन नहीं मिला है और वह प्रशांत किशोर के नेतृत्व में काम करने के लिए पार्टी में आई हैं।
सारण में अफाक अहमद पर फिर भरोसा!
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधान पार्षद अफाक अहमद को एक बार फिर मैदान में उतारने की तैयारी की चर्चा है। वर्ष 2023 में हुए उपचुनाव में अफाक अहमद ने 3,055 वोट हासिल कर आनंद पुष्कर को करीब 674 मतों से हराया था। उस चुनाव में प्रशांत किशोर ने उन्हें रणनीतिक समर्थन दिया था। इसके बाद से अफाक अहमद जन सुराज के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर जन सुराज की ओर से कथित गड़बड़ियों के आरोप भी लगाए गए हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराने की बात कही है।
तिरहुत में बंशीधर ब्रजवासी पर दांव की चर्चा
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर भी पार्टी की रणनीति सामने आती दिख रही है। यहां वर्तमान विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी को टिकट देने पर सहमति बनने की चर्चा है। ब्रजवासी ने दिसंबर 2024 के तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत हासिल की थी। उन्हें 23,003 वोट मिले थे और उन्होंने जन सुराज के डॉ. विनायक गौतम को 10,195 मतों से पीछे छोड़ा था।वहीं तिरहुत शिक्षक सीट के लिए भूषण झा के नाम पर भी पार्टी स्तर पर विचार होने की बात सामने आ रही है।
कोसी और दरभंगा में भी चेहरे तलाशे
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी की ओर से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। वहीं दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सुरेश प्रसाद राय के नाम पर सहमति बनने की बात कही जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों में सभी प्रत्याशियों के नाम औपचारिक तौर पर घोषित किए जा सकते हैं।
वोटर लिस्ट पर भी जन सुराज का फोकस
विधान परिषद चुनाव में मतदाता सूची को लेकर भी जन सुराज ने सवाल उठाए हैं। हालांकि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची राजनीतिक दल या प्रत्याशी तैयार नहीं करते। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) पात्र मतदाताओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन लेते हैं और दस्तावेजों की जांच के बाद प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाती है। राजनीतिक दल और प्रत्याशी इस सूची की जांच कर दावा-आपत्ति दाखिल कर सकते हैं। अंतिम फैसला निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की जांच और सत्यापन के बाद होता है। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाती है और मतदान का अधिकार उसी सूची में शामिल पात्र मतदाताओं को मिलता है।
ऐसे में विधान परिषद चुनाव में जन सुराज की रणनीति सिर्फ उम्मीदवार उतारने तक सीमित नहीं दिख रही है। पार्टी संगठन विस्तार, मजबूत उम्मीदवारों और मतदाता सूची की निगरानी के जरिए अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।