पीएम मोदी के आगमन से पहले पटना में बदला मौसम, बारिश की खलल बढ़ी, एयरपोर्ट पर मंगाए सैंकड़ों छाता,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर जारी कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 1 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से वैशाली के रुस्तमपुर हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। मौसम की स्थिति को देखते हुए इस हवाई यात्रा पर विशेष नजर रहेगी।
Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से ठीक पहले शनिवार को राजधानी पटना में मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान में बादल छाए हैं और हल्की बारिश व बूंदाबांदी ने प्रशासन की तैयारियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। प्रधानमंत्री के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पटना एयरपोर्ट पर बारिश से बचाव के लिए बड़ी संख्या में छातों की व्यवस्था की गई है। मौसम की इस चुनौती के बीच प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां जारी हैं।
खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने बिहार दौरे के दौरान हेलीकॉप्टर से भी यात्रा करेंगे। उन्हें पटना एयरपोर्ट से वैशाली के रुस्तमपुर हेलीपैड पहुंचना है। वहां से वे कच्ची दरगाह स्थित नीतीश सेतु का निरीक्षण करने जाएंगे। ऐसे में मौसम का बदला मिजाज हेलीकॉप्टर उड़ान और निर्धारित कार्यक्रम के संचालन को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, फिलहाल कार्यक्रम में बदलाव की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना एयरपोर्ट पूर्वानुमान में 21 नवंबर को सामान्यतः बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दोपहर के समय भी बूंदाबांदी की आशंका बनी हुई है।
पटना से वैशाली तक ऐसा रहेगा पीएम मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर जारी कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 1 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से वैशाली के रुस्तमपुर हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। मौसम की स्थिति को देखते हुए इस हवाई यात्रा पर विशेष नजर रहेगी।
बिहार को 34,470 करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार दौरे के दौरान करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने 19.7 किलोमीटर लंबे छह लेन के नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करना प्रमुख है। इसके अलावा बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी इकाई, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, शहरी जलापूर्ति और सीवरेज योजनाएं, आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क सहित कई योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराएंगे।
मौसम पर टिकी प्रशासन की नजर
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पटना एयरपोर्ट से लेकर वैशाली तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बारिश को देखते हुए एयरपोर्ट पर छातों की व्यवस्था की गई है, ताकि स्वागत के दौरान अधिकारियों और अन्य लोगों को परेशानी नहीं हो। अब सबकी नजर मौसम की स्थिति पर है। खासकर हेलीकॉप्टर से होने वाली आवाजाही के दौरान मौसम कितना अनुकूल रहता है, यह प्रधानमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।