नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेते ही पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, हरिवंश को भी मिली बधाई

सीएम नीतीश देश के उन नेताओ में शामिल हो गए हैं जो विधायक, एमएलसी, लोकसभा सांसद और राज्यसभा सांसद बने हैं। वहीँ तीसरी बार हरिवंश राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं.

Nitish Kumar takes oath in Rajya Sabha
Nitish Kumar takes oath in Rajya Sabha- फोटो : news4nation

Bihar News : नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली। उन्हें उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अब वे बिहार के मुख्यमंत्री से इस्तीफा देंगे जिसके बाद नए सीएम का शपथ ग्रहण समारोह अगले सप्ताह पटना में हो सकता है. इस बीच नीतीश कुमार के शपथ लेने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। 


पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि 'नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।'


इसके अतिरिक्त जदयू से दो बार राज्यसभा सांसद रहे हरिवंश के फिर से राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किये जाने पर भी पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी हैराज्यसभा के लिए मनोनीत उन्होंने कहा, हरिवंश जी ने पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में अमूल्य योगदान दिया है। वे एक सम्मानित बुद्धिजीवी और विचारक हैं। उन्होंने अपने गहन विचारों और अंतर्दृष्टि से पिछले कुछ वर्षों में सदन की कार्यवाही को समृद्ध किया है। मुझे प्रसन्नता है कि माननीय राष्ट्रपति जी ने उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। आगामी संसदीय कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं!


गौरतलब है कि हरिवंश को दो बार नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी से राज्यसभा के लिए भेजा। इस बार उनका कार्यकाल पूरा हुआ तो उन्हें फिर से जदयू से मौका नहीं मिला। अब राष्ट्रपति की ओर से हरिवंश को मनोनीत कर उन्हें एक बार फिर से 6 वर्षो के लिए राज्यसभा में रहने का मौका मिला है। 


वहीं सीएम नीतीश देश के उन नेताओ में शामिल हो गए हैं जो विधायक, एमएलसी, लोकसभा सांसद और राज्यसभा सांसद बने हैं। इस उपलब्धि को हासिल कर उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। सीएम नीतीश ने कहा था कि उनका सपना था कि वे राज्यसभा के सदस्य बनें.