Bihar PNG Connection: बाय-बाय सिलेंडर! पटना के 30 हजार घरों में दौड़ी पीएनजी, नए कनेक्शन के लिए लगेंगे 5 स्पेशल कैंप
Bihar PNG Connection: बिहार में पीएनजी कनेक्शन को लेकर तेजी से काम जारी है। अब तक 30 हजार से अधिक परिवारों को पीएनजी कनेक्शन का लाभ मिल चुका है। वहीं नए कनेक्शन के लिए 5 नए शिविर लगाए जाएंगे।
Bihar PNG Connection: राजधानी पटना में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। रसोई गैस की किल्लत के बीच पीएनजी कनेक्शन के विस्तार को तेज किया गया है। जिला प्रशासन और गेल (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के संयुक्त प्रयास से शहर के अधिक से अधिक घरों तक PNG पहुंचाने की कवायद जारी है।
मैनपावर बढ़ाकर प्रक्रिया होगी तेज
PNG कनेक्शन विस्तार के लिए जिला प्रशासन ने गेल को अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध कराया है। इन कर्मियों को एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इससे कनेक्शन देने की रफ्तार दोगुनी हो सकती है।
रोजाना 80-100 नए कनेक्शन
गेल की ओर से करीब 35 कॉन्ट्रैक्टर के जरिए शहर में PNG कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की निगरानी में रोजाना पांच अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां प्रतिदिन 80 से 100 नए कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं।
अब तक 30,500 उपभोक्ताओं को लाभ
पटना में अब तक करीब 30,500 घरों में PNG कनेक्शन दिया जा चुका है। बढ़ती मांग को देखते हुए इस अभियान को और तेज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि PNG, LPG सिलिंडर के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक है, क्योंकि इसमें गैस की सप्लाई लगातार बनी रहती है।
ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों सुविधा उपलब्ध
कंपनी अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल या सीधे कार्यालय जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद तकनीकी जांच और पाइपलाइन की उपलब्धता के आधार पर कनेक्शन दिया जाता है। इसके अलावा उपभोक्ता 6287032999 और 6287031999 पर कॉल कर भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
इन इलाकों में विस्तार जारी
शहर के महुआबाग, धनौत, सिद्धेश्वर नगर, रूपसपुर, त्रिशूल विहार, लोहिया पथ, राम नगरी, एजी कॉलोनी, आकाशवाणी रोड, जगदेव पथ, IGIMS, इंद्रपुरी, राजाबाजार, एनटीपीसी फेज-1, 2 और 3, रुकनपुरा, खाजपुरा, सगुना मोड़, खगौल, गोला रोड, बेली रोड, शास्त्रीनगर, बोरिंग कैनाल रोड, पाटलिपुत्रा, किदवईपुरी और गर्दनीबाग समेत कई इलाकों में PNG पाइपलाइन पहले से उपलब्ध है और लगातार विस्तार किया जा रहा है।