Bihar News : फतुहा में गन पॉइंट पर साढ़े 4 लाख की लूट का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 4 शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार, बाइक और बैग किया बरामद

Bihar News : पटना से सटे फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में दिनदहाड़े गन पॉइंट पर साढ़े चार लाख रुपये की सनसनीखेज लूटपाट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है......पढ़िए आगे

Bihar News : फतुहा में गन पॉइंट पर साढ़े 4 लाख की लूट का पुल
लूटकांड का खुलासा - फोटो : RAJNISH

PATNA : पटना से सटे फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में दिनदहाड़े गन पॉइंट पर साढ़े चार लाख रुपये की सनसनीखेज लूटपाट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही दिनों के भीतर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को नियाजीपुर धोबा नदी के पास से धर दबोचा है और शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कांड (कांड संख्या: 585/26) के अनुसंधानकर्ता सह फतुहा थाने के एसआई केतु कुमार ने दलबल के साथ छापेमारी कर नियाजीपुर गांव से इन अपराधियों को दबोचा है। पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

घटना के संबंध में पीड़ित, पटना के बुद्धा कॉलोनी निवासी और सिक्यूरिटी एजेंसी संचालक प्रभुशंकर ने बताया था कि उन्हें फतुहा फैक्ट्री स्थित नेशनल प्लास्टिक कंपनी के कामगारों को वेतन देना था। वे पटना से साढ़े चार लाख रुपये एक पिट्ठू बैग में रखकर बाइक से फतुहा आ रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही वे फैक्ट्री एरिया में श्री प्लाई कंपनी के पास पहुंचे थे, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया था। एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी थी और अन्य ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। विरोध करने पर पिस्तौल के बट से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया गया था, जिससे उनका हेलमेट टूट गया था और चेहरे पर चोटें आईं थीं।

फतुहा थाने पर बुलाए जाने पर पीड़ित प्रभुशंकर ने पकड़े गए सभी आरोपियों की शिनाख्त कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने अपने लूटे गए पिट्ठू बैग, उसके अंदर रखे दस्तावेजों और वारदात में इस्तेमाल की गई दोनों स्प्लेंडर बाइकों की भी पूरी पहचान कर ली है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने भी पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी फतुहा थाना क्षेत्र के जनार्दनपुर गांव के निवासी हैं, जिनमें सिंटू कुमार उर्फ चुन्नू पिता- भोलू सिंह, गोलू कुमार पिता- श्रवण सिंह, नीतीश कुमार पिता- गणेश सिंह और रंजीत कुमार पिता- भूषण सिंह हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर बाइक और लूटा गया बैग पूरी तरह बरामद कर लिया है।

रजनीश की रिपोर्ट