भोजपुर साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन: फर्जी ASO अफसर बनकर करता था ठगी, 50 से अधिक महिलाएं थीं निशाने पर

भोजपुर साइबर थाना पुलिस ने खगड़िया से शादी का झांसा देकर महिलाओं से लाखों की ठगी करने वाले आरोपी बरूण कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पटना में ASO बताकर मैरिज पोर्टल्स और सोशल मीडिया के जरिए 50 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बना चुका था।

Jeevansathi Fraud Case Bihar
शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी खगड़िया से गिरफ्तार- फोटो : Reporter

भोजपुर जिले की साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर दर्जनों महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर साइबर ठग को खगड़िया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी खुद को सरकारी अफसर बताकर मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाता था और फिर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेता था।

शिक्षिका से 3.65 लाख रुपये की ठगी के बाद खुला मामला

ठगी के इस पूरे खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब 12 अगस्त 2026 को भोजपुर में पदस्थापित एक महिला शिक्षिका ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, मार्च 2026 में मैरिज पोर्टल 'Jeevansathi.com' के जरिए उसकी पहचान बरूण कुमार नाम के शख्स से हुई थी। आरोपी ने खुद को पटना सचिवालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (ASO) बताकर शादी का झांसा दिया और धीरे-धीरे कर शिक्षिका से करीब 3 लाख 65 हजार रुपये ठग लिए।

वैज्ञानिक जांच और भोजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शिक्षिका की शिकायत पर सनहा दर्ज कर साइबर थाना पुलिस ने आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से जांच शुरू की। साक्ष्य मिलने पर मामला दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक भोजपुर के निर्देश पर साइबर थानाध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक रौशन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

50 से अधिक महिलाएं थीं निशाने पर, पहले से शादीशुदा निकला आरोपी

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि वह Jeevansathi.com, व्हाट्सऐप और फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर अब तक 50 से अधिक महिलाओं और युवतियों को अपने जाल में फंसा चुका था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय बरूण कुमार (पिता स्व. विनोद राय), निवासी चौथम, जिला खगड़िया के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम और बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी के इस्तेमाल में लाया जाने वाला एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस पूरी सफल कार्रवाई में साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी रौशन कुमार के साथ पुलिस निरीक्षक आदित्य कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार, सिपाही लव कुमार, सिपाही प्रवीण कुमार और महिला सिपाही पायल कुमारी शामिल थीं।

पुलिस की सतर्कता अपील: मैट्रिमोनियल साइट्स पर बरतें सावधानी

इस वारदात के उजागर होने के बाद भोजपुर साइबर थाना पुलिस ने आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और युवतियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ऑनलाइन मैरिज पोर्टल्स या सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की प्रोफाइल की पूरी तरह जांच-पड़ताल किए बिना उन पर भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति शादी या अन्य बहाने से पैसों की मांग करता है, तो तुरंत सतर्क हों और मामले की सूचना निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन को दें।

भोजपुर से आशीष कुमार की रिपोर्ट