गेस्ट हाउस में पुलिस की छापेमारी : 9 युवतियों समेत 15 हिरासत में, मचा हड़कंप

गेस्ट हाउस में पुलिस की छापेमारी : 9 युवतियों समेत 15 हिरासत
गेस्ट हाउस में पुलिस की छापेमारी- फोटो : सुमित कुमार

Patna : पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बिहटा-सरमेरा मार्ग पर स्थित एक गेस्ट हाउस में मंगलवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस के अलग-अलग कमरों से आपत्तिजनक स्थिति में 9 युवतियों और 6 युवकों को हिरासत में लिया है। सभी को हिरासत में लेकर नौबतपुर थाने लाया गया है, जहां पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है।


कमरों से पकड़े गए युवक-युवतियां, रजिस्टर की जांच शुरू

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहटा-सरमेरा मार्ग स्थित उक्त गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों के तहत कई युवक-युवतियां ठहरे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस अब गेस्ट हाउस के एंट्री रजिस्टर की बारीकी से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ठहरने वाले लोगों के नाम और पते रजिस्टर में सही तरीके से दर्ज नहीं किए गए थे।


मैनेजर से पूछताछ, परिजनों को दी जा रही सूचना

मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि हिरासत में ली गई युवतियों की उम्र 22 से 30 वर्ष और युवकों की उम्र 21 से 25 वर्ष के बीच है। पुलिस ने सभी के परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही बिना सही पहचान पत्र के कमरे उपलब्ध कराने को लेकर गेस्ट हाउस के मैनेजर से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है।


जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट: SDPO उमेश्वर चौधरी

मामले की जानकारी देते हुए फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO-1) उमेश्वर चौधरी ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। गेस्ट हाउस के संचालन की वैधता और वहां ठहरने के वास्तविक उद्देश्य की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सुमित की रिपोर्ट

Patna Guest House Raid, Naubatpur Police Station, Fullwari Sharif SDPO Umeshwar Chaudhary, Bihta Sarmera Road Raid, Bihar Crime News, Patna News