Bihar News : गयाजी में भैंस चोरी मामले को लेकर ग्रामीणों से मिले श्याम सुंदर शरण, आईजी विकास वैभव से की त्वरित कार्रवाई की मांग

Bihar News : गयाजी में भैंस चोरी विवाद के समाधान और पीड़ित परिवार की मदद के लिए हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण खुद गांव पहुंचे.......पढ़िए आगे

Bihar News : गयाजी में भैंस चोरी मामले को लेकर ग्रामीणों से
भैंस चोरी विवाद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : जिले के अतरी थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में भैंस चोरी से जुड़े मामले को लेकर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण गांव पहुंचे। उन्होंने प्रकाश मांझी एवं उनके परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और मामले से जुड़े तथ्यों को समझा। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद श्याम सुन्दर शरण प्रकाश मांझी के परिजनों एवं कुछ ग्रामीणों को साथ लेकर आईजी विकास वैभव से मिले और मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने का आग्रह किया। 

उन्होंने कहा कि गरीब परिवार से जुड़े इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जांच के माध्यम से वास्तविक तथ्य सामने आना जरूरी है। आईजी विकास वैभव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि जांच जल्द पूरी कराई जाएगी। उन्होंने गया के ग्रामीण एसपी  दिव्यांजलि जायसवाल को बुलाकर मामले में चल रही जांच को त्वरित गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही, भैंस के वास्तविक स्वामित्व की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट कराने और जांच के आधार पर भैंस को उसके सही मालिक तक पहुंचाने का निर्देश भी दिया।

श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि न्याय हर व्यक्ति का अधिकार है, चाहे वह गरीब हो या सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति। इस मामले में उनका प्रयास किसी पक्ष के समर्थन में खड़ा होना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने लाना और वास्तविक मालिक को उसका हक दिलाना है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच का भरोसा दिया है। उम्मीद है कि जांच जल्द पूरी होगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करते हुए वास्तविक मालिक को उसकी भैंस वापस मिलेगी। इस दौरान हम पार्टी के अनुमंडल प्रभारी श्रवण मांझी, बथानी प्रखंड अध्यक्ष अरुण मांझी, राहुल कुमार, कुंदन कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

मनोज की रिपोर्ट