Bihar Politics: विधानसभा चुनाव से पहले बुरे फंसे प्रशांत किशोर! पटना में पीके सहित 300 पर केस दर्ज, इस मामले में हुई बड़ी कार्रवाई

Bihar Politics: बिहार विधानसभा के पहले एक बार फिर प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। पुलिस ने पीके सहित जनसुराज के 300 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है। पढ़िए आगे...

प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर सहित 300 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले भारी बवाल देखने को मिल रहा है। फिलहाल विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है और मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों में भारी बवाल देखने को मिल रही है। वहीं बीते दिन पटना में जबरदस्त राजनीतिक हंगामे देखने को मिले। जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प भी हुई। कई कार्यकर्ता लाठीचार्ज में घायल भी हुए। वहीं अब इस मामले में प्रशांत किशोर सहित करीब 300 अज्ञात कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज हुआ है। 

पीके सहित 300 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

दरअसल, जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष प्रशांत किशोर और पार्टी के लगभग 300 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ सचिवालय थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन किया और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया। एफआईआर मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर दर्ज की गई है। जिसमें कहा गया है कि जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए बिना अनुमति विधानसभा की ओर बढ़े। पुलिस ने इन्हें पटेल गोलंबर के पास रोकने की कोशिश की, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई और लाठीचार्ज हुआ।

प्रशांत किशोर ने पुलिस से मांगा जवाब

लाठीचार्ज के बाद प्रशांत किशोर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में वह पुलिसकर्मियों को ललकारते नजर आए। उन्होंने कहा कि"ऐ, इतना दम है, लाठी चलाओगे? हिम्मत है तो मुझ पर चलाओ, सामने खड़ा हूँ।" प्रशांत किशोर ने पुलिस अधिकारियों से लाठीचार्ज का कारण पूछते हुए जवाब भी मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे फिर भी अकारण बल प्रयोग किया गया। पार्टी का दावा है कि लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं और एक कार्यकर्ता का सिर भी फट गया।

मुख्य सचिव को सौंपा गया ज्ञापन

घटना के बाद जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा से मुलाकात की और मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। प्रशांत किशोर ने मीडिया को बताया कि सरकार की ओर से 7 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

किन मुद्दों पर विधानसभा घेराव करने पहुंची थी जन सुराज पार्टी?

जन सुराज पार्टी ने राज्य सरकार से तीन प्रमुख सवालों पर जवाब मांगा है। पहला गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये रोजगार सहायता देने की घोषणा के बावजूद अभी तक राशि क्यों नहीं दी गई? दूसरा दलित भूमिहीन परिवारों को 3 डिसमिल जमीन क्यों नहीं दी गई, जबकि इसकी घोषणा पहले ही की जा चुकी है? और तीसरा भूमि सर्वेक्षण में फैले भ्रष्टाचार को लेकर सरकार का रुख क्या है? पटना में हुए इस हंगामे के बाद बिहार की राजनीति में नया तनाव पैदा हो गया है। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट