राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड बंगला में सरकार की ओर से मिला था यह सब सामान, आवास विभाग की हैरान करने वाली जानकारी
बिहार में सरकारी आवास खाली करने को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आते रहे हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी बंगले खाली करने के दौरान अक्सर फर्नीचर, उपकरण, निर्माण कार्य या सरकारी संपत्ति को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
Rabri Devi: बिहार की राजनीति का लंबे समय तक केंद्र रहा 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास एक बार फिर चर्चा में है। करीब दो दशक तक इस आवास में रहने के बाद अब राबड़ी देवी का परिवार इसे खाली कर चुका है। आवास खाली करने से पहले किसी तरह का विवाद या भ्रम पैदा न हो, इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर यह जानकारी मांगी थी कि विभाग की ओर से आवास में कौन-कौन से सामान और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।
राबड़ी देवी के पत्र के जवाब में अब भवन निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान विभाग की ओर से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास में किसी भी प्रकार की सामग्री या सामान उपलब्ध नहीं कराया गया। विभाग ने यह भी बताया कि इस अवधि में विभागीय खर्च से आवास में कोई निर्माण कार्य या मरम्मत भी नहीं कराई गई।
विभाग ने अपने जवाब में कहा है कि जब तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे, तब भी इस सरकारी आवास में विभागीय लागत से कोई अतिरिक्त कार्य नहीं कराया गया। विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की खराब स्वास्थ्य स्थिति और उनकी शारीरिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवास में जो भी बदलाव, निर्माण या अतिरिक्त सुविधाएं विकसित की गई थीं, उनका पूरा खर्च निजी स्तर पर वहन किया गया था।
उपयोगिता अवधि समाप्त
भवन निर्माण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इससे पहले यदि विभाग की ओर से कभी कोई सामान उपलब्ध कराया गया था, तो उसकी उपयोगिता अवधि अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में आवास खाली करते समय किसी सरकारी सामग्री की वापसी या उसकी देयता शून्य मानी जाएगी।
आवास से जुड़ा रहा है विवाद
दरअसल, बिहार में सरकारी आवास खाली करने को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आते रहे हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी बंगले खाली करने के दौरान अक्सर फर्नीचर, उपकरण, निर्माण कार्य या सरकारी संपत्ति को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कई मामलों में सामान के मिलान और सरकारी संपत्ति के नुकसान को लेकर विवाद भी हुए हैं।
राबड़ी ने मांगी जानकारी
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए राबड़ी देवी ने पहले ही भवन निर्माण विभाग से आधिकारिक रूप से यह जानकारी मांगी थी कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए सामानों की सूची क्या है, ताकि आवास खाली करते समय किसी तरह का विवाद, भ्रम या जवाबदेही का प्रश्न न खड़ा हो।
अब कोई संदेह नहीं
अब विभाग के जवाब के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने के दौरान सरकारी सामान को लेकर किसी प्रकार की देनदारी नहीं रहेगी। ऐसे में करीब 20 वर्षों तक बिहार की राजनीति का प्रमुख केंद्र रहे इस सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया बिना किसी प्रशासनिक विवाद के पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रंजन की रिपोर्ट