Rabri Residence:राबड़ी आवास खाली, लेकिन नए ठिकाने पर बरकरार सस्पेंस! अब्दुल बारी सिद्दीकी बोले-इंतजार कीजिए, आगे-आगे देखिए होता क्या है...

Rabri Residence: बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को लेकर चल रहा सियासी ड्रामा सोमवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया।

Rabri Residence Vacated Mystery Over Lalu Family New Home
आगे-आगे देखिए होता क्या है...- फोटो : reporter

Rabri Residence: बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को लेकर चल रहा सियासी ड्रामा सोमवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया। भवन निर्माण विभाग के अल्टीमेटम के आखिरी दिन राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकारी बंगला खाली कर दिया। हालांकि, लालू परिवार का अगला ठिकाना क्या होगा, इस पर अब भी सस्पेंस बरकरार है।

सोमवार को लालू प्रसाद यादव के साथ राजद के वरिष्ठ विधान परिषद सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी भी आवास से बाहर निकले। करीब एक घंटे बाद दोनों वापस लौटे। इस दौरान मीडिया ने जब उनसे नए आवास को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, इंतजार कीजिए... आगे-आगे देखिए होता क्या है। हालांकि उन्होंने यह जरूर स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा तय समय-सीमा के भीतर सरकारी आवास खाली कर दिया जाएगा।

पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि लालू प्रसाद यादव अब 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास में जाएंगे या फिर कौटिल्य नगर स्थित नए मकान में शिफ्ट होंगे, तो उन्होंने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि अभी इंतजार करना होगा, समय आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर और तेज हो गया है।

इस दौरान लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। मीडिया ने पूछा कि यदि सरकार सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव करती है तो क्या इससे खतरा बढ़ सकता है? इस पर अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा, "सरकार की जैसी इच्छा, सरकार वैसा फैसला करे। लेकिन अगर सरकार सुरक्षा वापस भी लेती है तो क्या सरकार को लगता है कि उनकी सुरक्षा करने वाले लोग नहीं हैं? उनके लिए सुरक्षा करने वाले लोग मौजूद हैं।" इस बयान को भी राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

भवन निर्माण विभाग के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को ही राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया था। वहीं 10 सर्कुलर रोड का बंगला पहले ही मंत्री नंद किशोर राम के नाम आवंटित किया जा चुका है। विभाग ने चार बार नोटिस जारी करने के बाद अंतिम समय-सीमा तय की थी, जिसके बाद सोमवार को बंगला खाली किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, लालू परिवार फिलहाल कौटिल्य नगर स्थित अपने नए आवास के निर्माण कार्य के अंतिम चरण का इंतजार कर रहा है। माना जा रहा है कि परिवार की प्राथमिकता वहीं शिफ्ट होने की है और फिलहाल 39 हार्डिंग रोड जाने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।गौरतलब है कि इस पूरे वीवीआईपी बंगला विवाद पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही लालू परिवार पर तीखा हमला बोल चुके हैं। ऐसे में बंगला खाली होने के बावजूद इस मुद्दे की राजनीतिक गर्माहट कम होती नहीं दिख रही। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लालू परिवार का स्थायी नया ठिकाना आखिर कौन-सा होगा और इस सियासी घटनाक्रम का आगे क्या असर देखने को मिलेगा।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह