11 जुलाई को बिहार दौरे पर आऐंगे राहुल गांधी, नीट और सीबीएसई के पीड़ित परीक्षार्थियों से सीधे करेंगे संवाद
नीट पेपर लीक और सीबीएसई अनियमितता के खिलाफ कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसी कड़ी लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पटना के दौरे पर आने वाले है। जिसकी तैयारी मे बिहार कांग्रेस जुट गई है.....
Patna : देश में नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस ने बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इसी कड़ी में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी आगामी 11 जुलाई 2026 को पटना आ रहे हैं। उनके इस अहम बिहार दौरे की तैयारियों और कार्यक्रम की सफलता को लेकर बुधवार (17 जून 2026) को बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय 'सदाकत आश्रम' में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई।
प्रभारी और अध्यक्ष की मौजूदगी में बनी रणनीति
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सदाकत आश्रम में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने की। बैठक में राहुल गांधी के पटना आगमन को लेकर युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस के 'कनेक्ट सेंटर' सहित पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम को ऐतिहासिक और व्यापक बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
नीट और सीबीएसई के पीड़ित छात्रों से सीधे संवाद करेंगे राहुल गांधी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में छात्रों के हित में आंदोलन चला रही है। इसी के तहत 11 जुलाई को नेता विपक्ष राहुल गांधी विशेष रूप से पटना आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वह नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में शामिल हुए परीक्षार्थियों और पीड़ित छात्रों से सीधा संवाद (डायरेक्ट इंटरैक्शन) करेंगे और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे।
रूपरेखा जल्द होगी सार्वजनिक:
तैयारी समिति की इस पहली बैठक में कार्यक्रम की भव्यता और व्यापकता को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर क्रमवार और गंभीर चर्चा की गई है। कांग्रेस नेतृत्व के अनुसार, आगामी दिनों में होने वाली अगली बैठक के बाद राहुल गांधी के पूरे कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति को पूरी तरह सार्वजनिक कर दिया जाएगा।