बैंक ऑफ महाराष्ट्र 5.90 करोड़ लूटकांड वांछित राहुल गिरफ्तार : बिहार STF और MP पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दबोचा

बिहार एसटीएफ को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने एमपी पुलिस के साथ मिलकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में वांछित राहुल राज को गिरफ्तार कर लिया है.....

बैंक ऑफ महाराष्ट्र 5.90 करोड़ लूटकांड वांछित राहुल गिरफ्तार
बैंक ऑफ महाराष्ट्र 5.90 करोड़ लूटकांड वांछित राहुल गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ और मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कांड में शामिल वांछित अभियुक्त राहुल राज को गिरफ्तार कर लिया है।


गिरफ्तार अभियुक्त राहुल राज पिता उपेन्द्र सिंह, बिहार के जहानाबाद जिले के पाली थाना अंतर्गत ग्राम इमलिया का निवासी है।


बरामदगी:

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से निम्नलिखित वस्तुएं बरामद की हैं:

  • चारपहिया वाहन: 01 (घटना में प्रयुक्त)
  • नकद राशि: ₹46,000/-


5.70 करोड़ का सोना और 20 लाख नकद लूट से जुड़ा है मामला

उल्लेखनीय है कि 17 अप्रैल 2026 को सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 5.70 करोड़ मूल्य के सोने के आभूषण तथा 20 लाख नकद की लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में बैढ़न थाने में कांड संख्या 465/26 के तहत बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें राहुल राज की संलिप्तता पाई गई थी।


बिहार और एमपी में हत्या, लूट समेत कई मामले है दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त राहुल राज के विरुद्ध बिहार और मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से संबंधित 3 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अनिल की रिपोर्ट