Bihar News : बेतिया में 108 वर्षीय बुजुर्ग की निकली अनोखी शव यात्रा, गाजे-बाजे और आर्केस्ट्रा के साथ दी गई अंतिम विदाई, वीडियो हुआ वायरल

Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के नौतन प्रखंड क्षेत्र के डबरिया मकरीटोला में एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। परिजनों ने आर्केष्ट्रा के साथ शव यात्रा निकाला.....पढ़िए आगे

Bihar News : बेतिया में 108 वर्षीय बुजुर्ग की निकली अनोखी शव
बुजुर्ग की अनोखी शव यात्रा - फोटो : ASHISH

Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले के नौतन प्रखंड अंतर्गत डबरिया मकरीटोला गांव से एक अनूठी और हैरान कर देने वाली अंतिम यात्रा का मामला सामने आया है। यहां 108 वर्ष की आयु पूरी कर चुके स्वर्गीय छठु पटेल की अंतिम विदाई सामान्य शवयात्राओं से बिल्कुल जुदा रही। गमगीन माहौल के बजाय परिवारजनों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और बाकायदा आर्केस्ट्रा डांस के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली, जो अब पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस अनोखी शवयात्रा का दृश्य ऐसा था कि आगे-आगे मृतक छठु पटेल की अर्थी चल रही थी और ठीक पीछे आर्केस्ट्रा के कलाकार गानों पर नृत्य प्रस्तुत कर रहे थे। गाजे-बाजे की आवाज सुनकर रास्ते में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट तक जाने के इस अनूठे तरीके और कलाकारों की प्रस्तुति का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले में मृतक के पुत्र मुकेश पटेल ने बताया कि उनके पिता ने 108 वर्ष की लंबी और पूर्ण आयु जी थी। उन्होंने जीवनकाल में ही इच्छा जाहिर की थी कि उनके निधन पर दुखी होने के बजाय उनकी विदाई खुशी और उत्सव के माहौल में दी जाए। पिता की इसी अंतिम इच्छा का मान रखते हुए परिवार और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और आर्केस्ट्रा की व्यवस्था की ताकि उन्हें सम्मानपूर्वक और खुशी-खुशी विदाई दी जा सके।

हालांकि, श्मशान यात्रा के दौरान आर्केस्ट्रा के इस आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां एक तरफ परिवार और कुछ स्थानीय लोग इसे मृतक की इच्छा का सम्मान और एक दुर्लभ परंपरा के रूप में देख रहे हैं, वहीं समाज के कुछ प्रबुद्ध और बुजुर्ग लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए इसे सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत बताया है। कुछ लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसे गंभीर क्षणों में ऐसा आयोजन कलयुग का प्रभाव है। कारण चाहे जो भी हों, 108 साल के बुजुर्ग छठु पटेल की यह अनूठी शवयात्रा फिलहाल पूरे पश्चिम चंपारण जिले में सुर्खियों में बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर भी परंपरा और पिता की अंतिम इच्छा के बीच छिड़ी यह बहस चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

आशीष की रिपोर्ट