बिहार के लाल को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, प्रसार भारती में सदस्य कार्मिक बने राजीव भारद्वाज

कॉनकोर और Solar Energy Corporation of India में महत्वपूर्ण पदों पर रहे राजीव भारद्वाज को नई जिम्मेदारी के तहत प्रसार भारती में सदस्य कार्मिक का पद मिला है.

Rajiv Bhardwaj Prasar Bharati
Rajiv Bhardwaj Prasar Bharati- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के लखीसराय जिले के रामपुर निवासी राजीव भरद्वाज ने देश के सार्वजनिक प्रसारण संस्थान प्रसार भारती में सदस्य (कार्मिक) के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति से बिहार के लोगों में खुशी और गौरव का माहौल है।  राजीव भारद्वाज इससे पहले भारत सरकार के उपक्रम Container Corporation of India (कॉनकोर) में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और कुशल नेतृत्व के लिए वे जाने जाते हैं। 


अपने करियर के दौरान उन्होंने करीब पांच वर्षों तक Solar Energy Corporation of India में निदेशक (कार्मिक) के रूप में भी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक दक्षता और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


बिहार से विशेष लगाव

राजीव भारद्वाज का बिहार से विशेष लगाव रहा है। अपने अनुशासनप्रिय स्वभाव और समर्पित कार्यशैली के कारण उन्होंने जहां भी कार्य किया, वहां अपनी अलग पहचान और प्रतिष्ठा स्थापित की। केंद्रीय विद्यालय से मैट्रिक की पढ़ाई पूरी करने वाले राजीव भारद्वाज के पिता इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में कार्यरत थे।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि जीवन में शॉर्टकट का कोई विकल्प नहीं होता और जो व्यक्ति मेहनत करता है, उसकी मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के लोग मेहनती और ईमानदार होते हैं और आज दुनिया भर में बिहारी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।


बेगूसराय से शुरूआती पढाई 

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बेगूसराय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कॉनकोर में अपने करियर की शुरुआत की और अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन तथा नेतृत्व क्षमता के बल पर लगातार पदोन्नति पाते हुए कार्यकारी निदेशक के पद तक पहुंचे। राजीव भारद्वाज ने विश्वास जताया कि उनका प्रशासनिक अनुभव प्रसार भारती में काम आएगा और वे संस्था के कार्यों को और प्रभावी बनाने में योगदान देंगे।