Ram Navami 2026: रामनवमी के दिन पटना महावीर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, आधी रात से दर्शन कर रहे भक्त, नितिन नवीन भी पहुंचे
Ram Navami 2026: रामनवमी पर पटना महावीर मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। मंदिर परिसर रात 2 बजे से ही जय श्री राम के नारों से गूंजा रहा है। मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।
Ram Navami 2026: पटना सहित पूरे बिहार में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। रामनवमी के अवसर पर भक्त श्रद्धा और उत्साह के साथ मंदिर पहुंच रहे हैं। राजधानी पटना स्थित महावीर मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। दूर-दराज के इलाकों से भक्त अपने आराध्य भगवान के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। महावीर मंदिर में आधी रात 2 बजे पट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जिसके बाद आरती संपन्न हुई।

4 लाख भक्त करेंगे दर्शन
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मंदिर के सचिव सायन कुणाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। देर रात से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में लगे रहे। मंदिर के बाहर जीपीओ गोलंबर तक करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन देखी गई। इस वर्ष महावीर मंदिर में लगभग 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु
महावीर मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। लंबी-लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनके उत्साह और श्रद्धा में कोई कमी नहीं है। पूरा वातावरण “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से गूंज रहा है। भक्तों का कहना है कि रामनवमी के दिन भगवान के दर्शन करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। यही वजह है कि भारी भीड़ के बावजूद लोग पूरे धैर्य और विश्वास के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

52 भव्य शोभायात्राएं
वहीं रामनवमी के अवसर पर राजधानी पटना में 52 भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इन शोभायात्राओं का मुख्य केंद्र डाक बंगला चौराहा रहेगा, जहां से सभी जुलूस गुजरेंगे। यहां 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई गई है। कार्यक्रम में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके अलावा टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता व सांसद अरुण गोविल और सांसद मनोज तिवारी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

कोलकाता से मंगाए गए हैं फूल
रामनवमी पर महावीर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। कोलकाता से मंगाए गए फूलों और आकर्षक लाइटिंग से मंदिर को भव्य रूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि वे लाइव दर्शन कर सकें। गर्मी को देखते हुए गर्भगृह में 80 टन का एसी भी लगाया गया है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, भक्तों को बांटने के लिए 51-51 किलो के दो नैवेद्यम लड्डू तैयार किए गए हैं। इस बार कुल 24 हजार किलो नैवेद्यम बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मंदिर के बाहर करीब 15 काउंटर बनाए गए हैं, जहां से प्रसाद वितरित किया जाएगा।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है और कंट्रोल रूम से भीड़ पर नजर रखी जा रही है। पुलिस बल, निजी गार्ड और स्वयंसेवकों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। इसके अलावा पंचरूपी हनुमान मंदिर में भी रामनवमी के मौके पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए तड़के 2:30 बजे पट खोले गए और रात 11 बजे तक दर्शन की व्यवस्था रहेगी। पूरे राज्य में रामनवमी को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है।
