खाकी का मनोबल तोड़ने की साज़िश: रानीतालाब में 'बर्बरता के झूठे आरोप' के पीछे का असल सच, बेनकाब हुआ इंटरस्टेट सिंडिकेट

रानीतालाब में ट्रक चोरी नेटवर्क का भंडाफोड़: पुलिस जांच से घबराए बालू माफिया, कार्रवाई रोकने के लिए रची 'बर्बरता' की झूठी साजिश,लोन न भरने की नीयत से खुद का ट्रक कटवाने वाले आए रडार पर, साठगांठ खुलने के डर से एंट्री माफिया का सूखा गला।

Patna Ranitalab mafia conspiracy
खाकी का मनोबल तोड़ने की साज़िश:रानीतालाब में ट्रक चोरी नेटवर्क का भंडाफोड़- फोटो : news 4 nation AI

राजधानी पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरों और अवैध बालू सिंडिकेट के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सख्त अभियान ने न सिर्फ अंतरराज्यीय (इंटरस्टेट) ट्रक चोर गिरोह की कमर तोड़ दी है, बल्कि अवैध बालू खनन और परिवहन में लिप्त एंट्री माफियाओं की रातों की नींद भी उड़ा दी है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस काले कारोबार से जुड़े कई रसूखदार और सफेदपोश चेहरे बेनकाब हो रहे हैं।


लोन हड़पने और इंश्योरेंस क्लेम का अनोखा 'ट्रक कटाई' खेल

जांच की परतें खुलने पर एक बेहद चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। बैंक लोन न चुकाने की नीयत से कुछ शातिर ट्रक मालिक खुद ही अपने वाहनों को कबाड़खानों और गैराजों में कटवा देते हैं। इसके बाद पुलिस में चोरी की झूठी प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराकर इंश्योरेंस का पैसा और लोन डकारने का खेल खेला जाता है। जब पुलिस की जांच की सुई इन ट्रकों, इंश्योरेंस क्लेम और बालू के इस गठजोड़ तक पहुंची, तो पूरे सिंडिकेट में हड़कंप मच गया।


खुद पर लाठी बरसाकर खाकी को बदनाम करने का पैंतरा

पुलिस की कार्रवाई से बौखलाए और खुद को घिरता देख 'इंटरस्टेट सिंडिकेट' के सरगना और उसके साथियों ने जांच भटकाने का घिनौना रास्ता अपनाया। खुद को सलाखों के पीछे जाने से बचाने के लिए एक आरोपी ने अपने ही सहयोगी से अपने शरीर पर लाठियों की बौछार करवाई। शरीर पर चोट के निशान बनाकर उसने रानीतालाब पुलिस पर 'बर्बरतापूर्वक पिटाई' का मनगढ़ंत और सनसनीखेज आरोप जड़ दिया, ताकि खाकी का मनोबल तोड़ा जा सके और पुलिस पर दबाव बनाया जा सके।


साठगांठ बेनकाब होने के डर से एकजुट हुए माफिया

चोरी, लोन फ्रॉड, इंश्योरेंस क्लेम, अवैध बालू और एंट्री माफिया का यह सिंडिकेट अब अपनी पोल खुलने से घबरा गया है। पुलिस की जांच रोकने और साख को धूमिल करने के इरादे से सभी बालू चोर और माफिया एकजुट होकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से एक सोची-समझी मुहिम चला रहे हैं। माफियाओं का एकमात्र मकसद पुलिस को बैकफुट पर लाना है, ताकि उनके इस बड़े आपराधिक नेटवर्क पर पर्दा पड़ा रहे और फरार मुख्य सरगना बच निकले।


गीदड़भभकी से नहीं झुकेगी पुलिस, जारी रहेगा एक्शन

माफियाओं की इस साजिश और सोशल मीडिया कैंपेन के बावजूद रानीतालाब पुलिस के कदम पीछे हटने वाले नहीं हैं। पुलिस सूत्रों का साफ कहना है कि अपराधियों के झूठे हथकंडों और दबाव बनाने की कोशिशों से यह अभियान रुकने वाला नहीं है। इस इंटरस्टेट सिंडिकेट के फरार मुख्य सरगना से लेकर अवैध बालू और फर्जी एफआईआर के इस खेल में शामिल हर एक चेहरे को बेनकाब कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

खुलासा जारी है .......... फरार सरगना और खून का रिश्ता ...... दिन दहाड़े अपहरण ..... और अवैध बालू खनन और परिवहन में लिप्त एंट्री माफियाओं  का खेल

ऋषिकेश की रिपोर्ट