Bihar News : 7 जून को राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, आलोक सिंह और प्रशांत पंकज ने किया नामांकन

Bihar News : राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया है. कल सुबह 11 बजे से रविन्द्र भवन में चुनाव सम्पन्न कराया जायेगा.......पढ़िए आगे

Bihar News : 7 जून को राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मिलेगा नया प्र
प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राष्ट्रीय लोक मोर्चा के संगठनात्मक चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा स्क्रूटनी किए जाने के बाद श्री आलोक कुमार सिंह और श्री प्रशांत कुमार पंकज द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्र पूरी तरह वैध और सही पाए गए हैं। इसके साथ ही इन दोनों नेताओं को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया गया है।

7 जून को नाम वापसी और जरूरत पड़ने पर होगा मतदान

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन शेड्यूल के अनुसार, उम्मीदवारों के लिए नामांकन वापसी का समय 7 जून 2026 को दोपहर 11:00 बजे से 12:00 बजे तक तय किया गया है। यदि तय समय तक किसी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया और चुनाव की नौबत आई, तो इसी दिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

शाम को ही मतगणना और परिणाम की घोषणा

प्रवक्ता ने बताया कि यदि वोटिंग होती है, तो मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के ठीक आधे घंटे बाद यानी शाम 04:30 बजे से मतों की गिनती (काउंटिंग) शुरू कर दी जाएगी। मतगणना पूरी होते ही चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी, जिससे यह साफ हो जाएगा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बिहार प्रदेश की कमान किसके हाथों में होगी।

निर्वाचन पदाधिकारियों ने जारी किया संयुक्त आदेश

इस पूरे चुनावी शेड्यूल को लेकर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र प्रसाद दांगी, चुनाव पर्यवेक्षक आर. के. सिन्हा और ब्रजेंद्र कुमार पप्पू ने संयुक्त रूप से आधिकारिक आदेश निर्गत कर दिया है। शीर्ष चुनावी टीम इस पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि संगठन के सबसे महत्वपूर्ण पद का चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक चुनाव की अपील

राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र प्रसाद दांगी ने पार्टी के सभी संबंधित प्रतिनिधियों, वोटरों और कार्यकर्ताओं से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा है कि इस पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और पार्टी की संगठनात्मक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराने में अपना रचनात्मक सहयोग दें।

नरोत्तम की रिपोर्ट