Republic day 2026: पटना के गाँधी मैदान में दिखेंगी 12 विभागों की भव्य झाँकियाँ, जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर पटना के गाँधी मैदान में हलचल तेज हो गई है। इस बार 12 विभागों की झाँकियाँ 'नारी शक्ति' से लेकर 'नशामुक्त बिहार' तक का संदेश देंगी, जिनकी अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को होगी।
Patna - गणतंत्र दिवस 2026 के गौरवशाली अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में बिहार सरकार के 12 प्रमुख विभागों द्वारा विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित भव्य झाँकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि झाँकियों के माध्यम से सरकार की महिला सशक्तिकरण, समाज सुधार और आत्मनिर्भर बिहार की झलक देखने को मिलेगी।
इन 12 विभागों की झाँकियाँ होंगी शामिल
इस वर्ष गाँधी मैदान में प्रदर्शित होने वाली झाँकियों की सूची और उनकी विषय-वस्तु निम्नलिखित है:
- कला एवं संस्कृति विभाग: परंपरा से संरक्षण तकः कलाकार की सतत यात्रा।
- परिवहन विभाग: नारी शक्तिः राष्ट्र शक्ति।
- विधि विभाग: स्वच्छ पर्यावरण-सशक्त भारत।
- जीविका (ग्रामीण विकास विभाग): मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना।
- पर्यटन निदेशालय: माँ जानकी जन्मस्थली, पुनौरा धाम।
- ऊर्जा विभाग: कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी भंडारण प्रणाली परियोजना।
- सहकारिता विभाग: विकसित पैक्स विकसित बिहार।
- अग्निशमन सेवा: बिहार अग्निशमन सेवाः कर्त्तव्य पर अडिग एवं अटल।
- कृषि विभाग: तेलहन से स्वर्णिम राह।
- बिहार शिक्षा परियोजना परिषद्: सुरक्षित विद्यालय-उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य।
- उद्योग विभाग: समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार।
- मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग: नशामुक्त बिहार-सशक्त परिवार।
तैयारियों के लिए विशेष गाइडलाइन्स
जिलाधिकारी ने तैयारियों को गति देने के लिए उप विकास आयुक्त (DDC) की अध्यक्षता में एक त्रि-सदस्यीय समिति का गठन किया है, जो 24*7 कार्य कर रही है। झाँकियों के निर्माण हेतु गाँधी मैदान में पंडाल बनाए जा रहे हैं और इनकी अधिकतम ऊँचाई 15 फीट निर्धारित की गई है।
सुरक्षा और कलाकारों के लिए नियम:
- आयु सीमा: झाँकी प्रदर्शन में शामिल कलाकारों की आयु कम से कम 15 वर्ष होनी अनिवार्य है।
- सुरक्षा जाँच: गाँधी मैदान में प्रवेश से पूर्व सभी झाँकियों की एण्टी-सैबोटाज (Anti-sabotage) जाँच की जाएगी।
- पूर्वाभ्यास: सभी प्रदर्शित होने वाली झाँकियों का अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी 2026 को किया जाएगा।
रिपोर्ट - वंदना शर्मा