Lawrence Bishnoi Threat: राजद नेता डॉ. मुकेश रोशन को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आया कॉल

Lawrence Bishnoi Threat: राजद नेता और महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रोशन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Lawrence Bishnoi Threat
राजद नेता को धमकी भरा संदेश- फोटो : social media

Lawrence Bishnoi Threat: राष्ट्रीय जनता दल के नेता और महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रोशन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बिहार की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है और पूरे मामले की गंभीर जांच कराने की अपील की है। डॉ. मुकेश रोशन ने पटना पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया है कि उनके मोबाइल नंबर पर लगातार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकी दी जा रही है। आवेदन के अनुसार धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बता रहा है।

पूर्व विधायक ने अपने आवेदन में उस मोबाइल नंबर का भी जिक्र किया है, जिससे कथित तौर पर धमकी भरे संदेश भेजे गए। उन्होंने पुलिस से उस नंबर की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

डॉ. मुकेश रोशन ने जताई चिंता

डॉ. मुकेश रोशन ने कहा कि उन्हें सिर्फ अपनी सुरक्षा ही नहीं बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। अपने आवेदन में उन्होंने वर्ष 1993 की एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि उस समय उनके पिता और कई रिश्तेदारों की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में कई कुख्यात अपराधियों और राजनीतिक लोगों के नाम सामने आए थे। इसी वजह से मौजूदा धमकियों को लेकर उनकी चिंता और बढ़ गई है।

तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में एक है

राजनीतिक तौर पर डॉ. मुकेश रोशन को तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में गिना जाता है। वह वर्ष 2020 में महुआ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। शिकायत दर्ज होने के बाद पटना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस धमकी देने वाले नंबर और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।