तेजस्वी यादव हुए राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश, लैंड फॉर जॉब मामले में लालू यादव के लाल का अदालत में बड़ा ऐलान

तेजस्वी ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है. वे रूटीन पेशी को लेकर यहां आये थे. अदालत में चल रहे मामले में उन्होंने अपने वकील के माध्यम से अपना पक्ष मजबूती से पेश किया है.

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Tejashwi Yadav:  राजद नेता तेजस्वी यादव सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) द्वारा जांच किए जा रहे कथित ज़मीन के बदले नौकरी स्कैम केस के सिलसिले में राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के दौरान, यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह केस लड़ेंगे और कोर्ट में आरोपों का सामना करेंगे। तेजस्वी यादव के पिता लालू यादव द्वारा रेल मंत्री रहने के दौरान 2004 से 2009 की बीच रेलवे में नौकरी देने के बदले लोगों की जमीन लेने का आरोप लगा है। इसी मामले में तेजस्वी यादव भी आरोपित बनाए गए हैं। 

तेजस्वी ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है. वे रूटीन पेशी को लेकर यहां आये थे. अदालत में चल रहे मामले में उन्होंने अपने वकील के माध्यम से अपना पक्ष मजबूती से पेश किया है. साथ ही कोर्ट पर पूरा भरोसा है कि उन्हें न्याय मिलेगा. 

लैंड फॉर जॉब मामला क्या है

लैंड फॉर जॉब मामला केंद्र की राजनीति और बिहार की सियासत से जुड़ा एक चर्चित मामला है। यह प्रकरण उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 के बीच केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि इस दौरान रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियों के बदले उम्मीदवारों या उनके परिजनों से जमीन ली गई। जांच एजेंसियों के अनुसार, कई अभ्यर्थियों को रेलवे में नौकरी दिलाने के बदले पटना और आसपास के इलाकों में स्थित जमीनें रियायती दर पर या दान के रूप में लालू परिवार के सदस्यों और उनसे जुड़ी कंपनियों के नाम कराई गईं। यह जमीनें बाद में काफी मूल्यवान साबित हुईं।


इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) जांच कर रही है। जांच के दायरे में लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। एजेंसियों का कहना है कि यह मामला भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा हो सकता है।


वहीं, राजद और लालू परिवार ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि यह विपक्षी नेताओं को बदनाम करने और दबाव बनाने की कार्रवाई है। फिलहाल मामला जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रहा है और इस पर राजनीतिक बयानबाजी भी लगातार जारी है।