Waqf Amendment Bill: वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ राजद खटखटाएगी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, बड़े नेता ने बताया तेजस्वी यादव का क्या है प्लान
Waqf Amendment Bill: राजद वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ कल सुप्रीम कोर्ट जाएगी। इसकी जानकारी राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने दी है। उन्होंने तेजस्वी का आगे का क्या प्लान है ये भी बताया है....

Waqf Amendment Bill: वक्फ संशोधन विधेयक अब कानून बन गया है। लोकसभा औऱ राज्यसभा से पारित होने के बाद अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी विधेयक को मंजूरी दे दी है। वहीं वक्फ संशोधन बिल के कानून बनते ही देशभर की सियासत गरमा गई है। विपक्ष सरकार पर हमलावर है। बिहार में वक्फ संशोधन बिल को लेकर राजद नीतीश सरकार को घेर रही है। दरअसल, लोकसभा में जदयू ने वक्फ संशोधन बिल का समर्थन किया जिसके बाद से ही विपक्ष हमलावर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में बिहार सरकार को घेरा है। तेजस्वी ने बीते दिन कहा कि वो इस कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जाएंगे। वहीं ताजा मिली जानकारी अनुसार राजद कल वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी।
कल सुप्रीम कोर्ट जाएगा राजद
इसकी जानकारी राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने दी है। मनोज झा ने बताया कि राजद सुप्रीम कोर्ट में वक्फ संशोधन विधेयक को चुनौती देगा। उन्होंने कहा कि,"कल राष्ट्रीय जनता दल की याचिकाओं का पहला बैच अपलोड किया जाएगा और उसके बाद हमारे कई सहयोगी संगठन वहां (सुप्रीम कोर्ट) जा रहे हैं। यह (विधेयक) संविधान के मूल चरित्र का उल्लंघन है। यह सद्भाव को नष्ट करने की साजिश है। हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट लोगों में जो निराशा, निराशा की भावना है, उसे दूर करेगा..."
संविधान विरोधी है बीजेपी
वहीं बीते दिन तेजस्वी यादव ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि,अगर बिहार में उनकी सरकार बनी तो वे इस बिल को कूड़ेदान में फेंक देंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी के असली निशाने पर सिर्फ मुसलमान ही नहीं बल्कि दलित और पिछड़े भी हैं। तेजस्वी ने कहा कि, भाजपा के लोग शत प्रतिशत संविधान विरोधी हैं। वे लोग हमेशा विभिन्न वर्गों को निशाना बनाते हुए संविधान पर कुठाराघात करते रहते हैं। वक्फ़ संशोधन बिल संविधान विरोधी है।
तेजस्वी का दावा
तेजस्वी ने कहा कि, समय-समय पर भाजपा की सरकार इस तरह के प्रयास करती है जिससे लोगों का ध्यान उनके वास्तविक मुद्दों... जैसे गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था की दुर्गति से हटे और ध्रुवीकरण के खेल में NDA वाले कामयाब हो सकें। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि अगर बिहार में उनकी सरकार आने पर वक्फ कानून लागू नहीं किया जाएगा।