Bihar MLC Election Result: रोहिणी आचार्य का नया सियासी फॉर्मूला, तेजस्वी-PK साथ आएं तो NDA का सफाया!

Bihar MLC Election Result: रोहिणी ने दिया TJ + PK = BJP/NDA ZERO का नारा

Rohini Formula Tejashwi PK Alliance
रोहिणी आचार्य का नया सियासी फॉर्मूला- फोटो : X

Bihar MLC Election Result:बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद सूबे की सियासत में एक बार फिर विपक्षी एकजुटता को लेकर नई बहस छिड़ गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए बीजेपी और एनडीए को घेरने के लिए नया सियासी फॉर्मूला पेश किया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) को एक साथ आने की सलाह देते हुए दावा किया कि दोनों की ताकत मिल जाए तो बिहार की सभी आठ विधान परिषद सीटों पर बीजेपी और एनडीए को शिकस्त दी जा सकती है।

रोहिणी ने दिया TJ + PK = BJP/NDA ZERO का नारा

रोहिणी आचार्य ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'TJ + PK = BJP/NDA ZERO'। इस फॉर्मूले के जरिए उन्होंने तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर के सियासी प्रभाव को एकजुट करने की वकालत की। उनका कहना है कि विधान परिषद चुनाव में आरजेडी और जन सुराज को मिले वोटों को जोड़ दिया जाए तो एनडीए के लिए सभी आठ सीटों पर जीत हासिल करना मुश्किल हो सकता है।

रोहिणी ने अपने एक अन्य पोस्ट में विपक्षी दलों के बीच एका की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी खेमे में बिखराव का सीधा फायदा बीजेपी को मिलता रहा है। अगर तमाम विपक्षी दल आपसी मतभेद भुलाकर साझा रणनीति बनाएं और वोटों के बंटवारे को रोकें, तो बिहार में बीजेपी और एनडीए को कड़ी चुनौती दी जा सकती है।

विधान परिषद चुनाव में किस दल को कितनी सीटें मिलीं?

बिहार विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। चुनाव में आरजेडी और बीजेपी ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की। जेडीयू और जन सुराज के खाते में एक-एक सीट गई, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी।इस चुनाव में आरजेडी के प्रदर्शन को अहम माना जा रहा है। पार्टी को दो सीटों का फायदा हुआ, वहीं प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने पहली बार विधान परिषद में अपना खाता खोलकर सियासी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

कई सीटों पर दिग्गजों को मिली शिकस्त

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बीजेपी के पांच बार के एमएलसी नवल किशोर यादव को हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं दरभंगा स्नातक सीट पर आरजेडी के अनिल कुमार झा ने बीजेपी के सर्वेश कुमार को शिकस्त दी।दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के मदन मोहन झा को हराकर जीत हासिल की। बीजेपी ने तिरहुत शिक्षक और कोसी स्नातक सीट पर कब्जा जमाया। जेडीयू के नीरज कुमार पटना स्नातक सीट बचाने में कामयाब रहे। जबकि तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

क्या बिहार में बनेगा नया सियासी समीकरण?

विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने बिहार की राजनीति में नए गठबंधन और चुनावी तालमेल की संभावनाओं को हवा दे दी है। रोहिणी आचार्य का तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर को साथ लाने का सुझाव इसी सियासी हलचल का हिस्सा है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किसी गठबंधन या साझा रणनीति को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या आने वाले चुनावों में विपक्ष अपने मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएगा या बिहार की सियासत में वोटों का बिखराव पहले की तरह जारी रहेगा?

ब्यूरो रिपोर्ट