Bihar Politics: दिल्ली दरबार में सियासी शतरंज, सम्राट चौधरी की अमित शाह, ललन सिंह समेत कई नेताओं के साथ बैठक, बिहार कैबिनेट विस्तार पर मुहर

Bihar Politics:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में कैबिनेट विस्तार को लेकर सरगर्मियां अपने शबाब पर हैं। सत्ता के गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि अब देर नहीं, बल्कि बहुत जल्द नई तस्वीर सामने आ सकती है।...

Bihar Politics: दिल्ली दरबार में सियासी शतरंज, सम्राट चौधरी
बिहार मंत्रिमंडल विस्तार से पहले हलचल तेज- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत इन दिनों जबरदस्त हलचल और गहमागहमी के दौर से गुजर रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में कैबिनेट विस्तार को लेकर सरगर्मियां अपने शबाब पर हैं। सत्ता के गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि अब देर नहीं, बल्कि बहुत जल्द नई तस्वीर सामने आ सकती है। मुख्यमंत्री, अपने पदभार संभालने के बाद, संभावित मंत्रियों की फेहरिस्त लेकर दिल्ली दरबार पहुंचे हैं, जहां केंद्रीय कयादत से अहम मशविरा होना तय है।

दिल्ली में उनका पूरा दिन मुलाकातों और बैठकों से लबरेज़ रहा। सुबह 10:15 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनकी अहम मुलाकात हुई, जिसमें सुरक्षा से लेकर राज्य के विकास तक कई मुद्दों पर गुफ्तगू हुई। इसके बाद 11 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इंफ्रास्ट्रक्चर और रेल परियोजनाओं पर चर्चा की गई। वहीं, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से भी उनकी मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया।

मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बैठक भी खासा चर्चा में रही, जहां सम्राट चौधरी की मौजूदगी ने इस मुलाकात को और ज्यादा अहम बना दिया। यह साफ इशारा है कि बिहार की राजनीति में हर कदम बेहद सोच-समझकर उठाया जा रहा है।

रविवार को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली बैठकों में सबसे ज्यादा नजरें अमित शाह के साथ प्रस्तावित मुलाकात पर टिकी हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि यही बैठक कैबिनेट के अंतिम खाके को तय कर सकती है। 6 मई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार से पहले यह दौरा निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।

सूत्रों की मानें तो भाजपा कोटे से 16 मंत्रियों की ताजपोशी की तैयारी है, जिनमें 13 पुराने चेहरों को बरकरार रखते हुए 3 नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। इन नए नामों को लेकर पार्टी के अंदर गहन मंथन जारी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली से लौटने के बाद सम्राट चौधरी किस तरह बिहार की सियासी बिसात को नया रंग देते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद सरकार में नए चेहरों की एंट्री तय है, जो आने वाले वक्त की राजनीति की दिशा और दशा दोनों बदल सकती है।

दिल्ली से धीरज सिंह की रिपोर्ट