Bihar Politics: सम्राट या निशांत कौन होंगे बिहार के मुख्यमंत्री? दावत-ए-इफ्तार ने खत्म किया सस्पेंस
Bihar Politics: कार्यक्रम में शुरुआती दौर में निशांत कुमार मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित सोफे पर बैठे नजर आए। उन्होंने टोपी और गमछा पहनकर रोजेदारों से मुलाकात भी की। लेकिन जैसे ही सम्राट चौधरी कार्यक्रम में पहुंचे, निशांत कुमार ने सोफा खाली कर दिया...
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में इन दिनों सत्ता और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हैं। नीतीश कुमार के संभावित बदलाव के बीच इफ्तार पार्टी की एक तस्वीर ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। गुरुवार को जीतन राम मांझी के सरकारी आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में कई बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की मौजूदगी खास चर्चा में रही।
नीतीश के सोफे पर बैठे नजर आएं निशांत
कार्यक्रम में शुरुआती दौर में निशांत कुमार मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित सोफे पर बैठे नजर आए। उन्होंने टोपी और गमछा पहनकर रोजेदारों से मुलाकात भी की। लेकिन जैसे ही सम्राट चौधरी कार्यक्रम में पहुंचे, निशांत कुमार ने सोफा खाली कर दिया और पास में रखी दूसरी सीट पर बैठ गए। इस दौरान मंच पर बैठने की व्यवस्था और नेताओं की बॉडी लैंग्वेज को लेकर कई तरह की राजनीतिक व्याख्याएं की जा रही हैं। कुछ लोग इसे महज औपचारिकता मान रहे हैं, तो कुछ इसे बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत बता रहे हैं।
सम्राट के आते ही कुर्सी किया खाली
इफ्तार पार्टी में नीतीश कुमार भी थोड़ी देर के लिए पहुंचे थे। उन्होंने मंत्री संतोष सुमन को टोपी पहनाई और इसके बाद कार्यक्रम से निकल गए। उनके जाने के बाद निशांत कुमार कार्यक्रम में पहुंचे। इफ्तार से निकलते वक्त निशांत कुमार ने कहा कि रमजान के इस पाक मौके पर बिहार के लोगों को अपनी और पिता जी की ओर से मुबारकबाद देता हूं। राज्य में प्रेम, भाईचारा और शांति बनी रहे, यही कामना है।
कुर्सी को लेकर चर्चा तेज
कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्री और नेता मौजूद रहे। हालांकि, इस इफ्तार पार्टी की तस्वीरों ने बिहार की सियासत में ‘कुर्सी’ और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं को और तेज कर दिया है। बता दें कि इन दिनों बिहार में कुर्सी की लड़ाई बढ़ गई है। सीएम नीतीश हर जगह कंधे पर हाथ रखकर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सामने करते नजर आ रहे हैं। हालांकि हाल के दिनों में कुछ तस्वीरें ऐसी भी सामने आई है जो सियासी सस्पेंस को और भी बढ़ा दी हैं। मुंगेर में सीएम नीतीश केंद्रीय मंत्री ललन सिंह तो लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का हाथ थामते भी नजर आएं। ऐसे में अब तरह तरह के सियासी कयास लगाए जा रहे हैं।
पटना से रंजन की रिपोर्ट