सिवान AK-47 कांड पर संजय झा का पलटवार, तेजस्वी की सियासत पर बरसे, बोले- पार्ट टाइम पॉलिटिक्स से नहीं चलेगी राजनीति
Bihar Politics: सिवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 और पिस्टल के इस्तेमाल को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पूरे मामले पर बिहार सरकार का बचाव करते हुए विपक्ष, खासकर तेजस्वी यादव, पर सीधा निशाना साधा। .
Bihar Politics: सिवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 और पिस्टल के इस्तेमाल को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पूरे मामले पर बिहार सरकार का बचाव करते हुए विपक्ष, खासकर तेजस्वी यादव, पर सीधा निशाना साधा। संजय झा ने कहा कि सिवान में जो वाकया हुआ, उस पर बिहार सरकार ने फौरन कार्रवाई की और जिम्मेदार लोगों को सस्पेंड करने का काम किया। उन्होंने साफ किया कि सरकार ने अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ा और जो भी मुमकिन कार्रवाई थी, वह अमल में लाई गई।
छात्रों के मुद्दे पर संजय झा ने कहा कि केंद्र सरकार ने समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाए हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी छात्रों के ऊपर दर्ज मामलों को खत्म करने की बात कही है। उनके मुताबिक, जब मसला सुना जा चुका है और आंदोलन की वजह बनी शिकायतों के समाधान का रास्ता साफ हो गया है, तो फिर तेजस्वी यादव आंदोलन को क्यों हवा दे रहे हैं?संजय झा ने तेजस्वी यादव की सियासत पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ‘पार्ट टाइम पॉलिटिक्स’ करते हैं। जब यह मसला देशभर में गरमाया हुआ था, तब वह विदेश में थे। अब आंदोलन खत्म हो चुका है और छात्रों की समस्याओं पर सरकार ने गौर किया है, फिर भी सियासी मुद्दा खड़ा करने की कोशिश की जा रही है।
जदयू नेता ने राजद की अंदरूनी सियासत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि तेजस्वी यादव की पार्टी बिखरने के कगार पर है और पार्टी पर उनका पूरा कंट्रोल नहीं रह गया है। उन्होंने सलाह दी कि तेजस्वी को दूसरों पर सियासी निशाना साधने के बजाय अपनी पार्टी की हालत पर तवज्जो देनी चाहिए।छात्र आंदोलन को लेकर संजय झा ने कहा कि आंदोलन करना छात्रों का लोकतांत्रिक हक है। सरकार हर जायज मांग का निदान करेगी और बिहार में हुई बहालियों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बहाली किसी दूसरे राज्य में नहीं हुई है।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह